शाहपुरा में िशक्षक ने छात्रा से की छेड़छाड़
कार्यालय संवाददाता | शाहपुरा
कस्बे के एक कोचिंग सेंटर में अध्ययनरत एक छात्रा से कोचिंग के ही शिक्षक के अश्लील हरकतें करने एवं अपहरण करने की धमकी देने का मामला सामने आया है। छात्रा ने परिजनों को आपबीती बताई। इसके बाद शनिवार को छात्रा ने शाहपुरा थाने में मामला दर्ज करा दिया है।
थानाप्रभारी हरिपालसिंह राठौड़ ने बताया कि कस्बे के द्रोण कॉलोनी निवासी एक छात्रा ने पुलिस में मामला दर्ज कराया कि वह कस्बे के एक कोचिंग सेंटर पर पढ़ती है। सेंटर में नियुक्त भौतिक विज्ञान के शिक्षक योगेश कुमार लांबा उससे कई दिनों से अश्लील हरकत कर रहे हैं। इसका विरोध करने के बाद भी शिक्षक अश्लील हरकतें कर रहा है। छात्रा ने रिपोर्ट में बताया कि 9 फरवरी को शिक्षक ने कार्यालय में बुलाकर छात्रा का हाथ पकड़कर छेड़खानी करने की काेशिश की। वह जैसे-तैसे कोचिंग से भागकर घर पहुंची तो शिक्षक ने छात्रा को फोन पर घटना के बारेमें बताने पर जान से मारने एवं अपहरण करने की धमकी भी दे डाली। इससे परेशान छात्रा ने परिजनों को मामले से अवगत कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।