पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • कुएं में मिला शंभूगढ़ से चोरी एटीएम

कुएं में मिला शंभूगढ़ से चोरी एटीएम

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भीलवाड़ा/शाहपुरा। शंभूगढ़ बस स्टैंड स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा का एटीएम रासेड़ गांव के कुएं में मिला है। सोमवार दोपहर रासेड़ गांव के कुएं में जैसे ही यह एटीएम मिला तो गांव में सनसनी फैल गई। यह एटीएम 31 दिसंबर की रात शंभूगढ़ बस स्टैंड से चोर उखाड़ ले गए थे जिसमें 19 लाख 67 हजार रुपए थे।

रासेड़ के सामाजिक कार्यकर्ता तेजेंद्र दाधीच के अनुसार गांव स्थित कुएं में रात को सियार गिर कर मर गया था। सोमवार दोपहर ग्रामीणों ने उसे बाहर निकाला तो पानी में बदबू आने लगी। इस पर इंजन लगाकर पानी को बाहर निकाला शुरू किया। पानी खाली होने पर ग्रामीण कुएं में गिरे बर्तन निकालने लगे।
इसी दौरान बर्तनों के पास भारी वस्तु दिखी जिसे गौर से देखा तो वह एटीएम था। बाद में उसे बाहर निकाला, जो पूरी तरह से बिखरा हुआ था। इसके पुर्जे दो बोरियों में बंद थे। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी तो शाहपुरा डीएसपी अजय भार्गव मौके पर पहुंचे। कुएं के बाहर रखी एटीएम मशीन का निरीक्षण कर उच्चाधिकारियों को सूचना दी।
शंभूगढ़ पुलिस को एटीएम के सीरियल नंबर आईईएमआई नंबर से अवगत कराया तो यह एटीएम 31 दिसंबर की रात शंभूूगढ़ बस स्टैंड से चोरी गया था।

शंभूगढ़ बस स्टैंड स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा से उखाड़ कर ले जाया गया एटीएम कुएं में बिखरी हुई हालत में मिला। इस एटीएम का एक-एक पुर्जा अलग अलग किया हुआ है। छोटे छोटे पुर्जों को खाद के खाली कट्टों में भरकर कुएं में फेंका गया है।

ग्रामीणों ने खोजा

पुलिस प्रशासन ने इसे खोजने के प्रयास किए, पर सफलता नहीं मिली। सोमवार को ग्रामीणों ने एटीएम को खोज निकाला। पुलिस की दो-तीन टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में चोरी की तलाश की, पर सफलता नहीं मिली।

शंभूगढ़ से बीओबी का एटीएम रासेड़ कैसे पहुंचा यह रहस्य बन गया है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के निकट कोई आदतन अपराधी नहीं है। वारदात के बाद चोर एटीएम को कोटड़ी के रास्ते ले आए हो। रासेड़ मुख्य मार्ग पर होने तथा रास्ते में एक ही कुआं होने से चोर एटीएम को यहां डाल गए हों। इस रास्ते का चयन करने वाले चोर पंडेर क्षेत्र के निकट के हो सकते हैं।

बैंक मैनेजर को नहीं जानकारी

एटीएम मिलने की जानकारी शाम तक पुलिस ने बीओबी शंभूगढ़ के मैनेजर को नहीं दी। इस संबंध में मैनेजर सुरेश मंगल से पूछा तो उन्होंने बताया कि रासेड़ के पास कुएं में एटीएम मिलने की सूचना नहीं मिली है। बीओबी का भीलवाड़ा जिले से एक मात्र एटीएम शंभूगढ़ से ही चोरी हुआ था।

शाहपुरा. कोटड़ी तहसील के रासेड़ गांव के कुएं से ग्रामीणों ने निकाला बीओबी का एटीएम एवं कुएं से निकाले गए टूटे एटीएम की जांच करते डीएसपी अजय भार्गव अन्य अफसर।