भीलवाड़ा. नवरात्र पर्व शुरू होने के साथ ही पूजा अर्चना के लिए फूलों की डिमांड बढ़ गई है। इन दिनों जिले में लगभग 15 सौ किलो फूल प्रतिदिन भगवान को अर्पण किए जा रहे हैं। माला के लिए हजारे के फूलों में कलकत्ती गेंदा देशी हजारा प्रमुख हैं। साथ ही गोटी हजारे में नींबू केसरिया कलर के फूल श्रद्धालुओं को लुभा रहे हैं।
फूल विक्रेताओं के अनुसार, रतलाम, इंदौर, दिल्ली, हिमाचल की मंडी अजमेर, कोटा से फूल मंगवाए जा रहे हैं। इनके अलावा गाडरमाला, सांगानेर, बनेड़ा, शाहपुरा से भी विभिन्न प्रकार के फूल बिकने के लिए शहर में लाए जा रहे हैं। पांसल चौराहा पर फूल विक्रेता मनोज माली ने बताया कि पुष्कर मंडी से गुलाब के फूल रहे हैं जो इन दिनों तीन सौ से चार सौ रुपए प्रति किलो बिक रहे हैं।
हजारे की माला की ज्यादा डिमांड
नवरात्र के मौके पर श्रद्धालु अधिकतर हजारे की माला की अधिक मांग करते हंै। सुबह की सब्जी मंडी के बार फूल बेच रहे राजेश माली ने बताया कि येलो हजारा, गुलदाउदी, चांदनी, केवड़ा के फूलों से मालाएं बनाई जा रही हैं। ज्यादातर श्रद्धालु हजारे की माला ही अधिक मांग रहे हैं।
अनुष्ठान के लिए गुलाब केवड़ा
सदरबाजार में फूलों के होलसेल विक्रेता कालू लाल माली ने बताया कि नवरात्र में अनुष्ठान के लिए गुलाब तथा केवड़ा की विशेष मांग रहती है। केवड़ा खुशबू बाजार रतलाम से मंगवाया जाता। हिमाचल प्रदेश से आने वाली गुलदाउदी (सेवंती) भी सफेद फूल हार के चार चांद लगा देते हैं।
नवरात्र पर माला के दामों में उछाल
नवरात्र प्रारंभ होते ही माला फूलों के दामों मे उछाल आया है। आमतौर पर चार से सात रुपए तक बिकने वाली माला इन दिनों 15 से 20 रुपए तक बिक रही है। वहीं गुलाब के फूल 60 रुपए प्रतिकिलो की जगह दो सौ से तीन सौ रुपए किलो बिक रहे हैं।