नहर दोबारा खोलने पर आज होगा निर्णय
{उम्मेद सागर नहर के टेल क्षेत्र तक पानी नहीं पहुंचने का मामला
भास्करन्यूज | शाहपुरा
उम्मेदसागर बांध की नहर को दो दिन पहले बंद करने से आक्रोशित जल उपभोक्ता संगम संख्या 3 के किसानों की मांग पर बुधवार को जल संसाधन विभाग में तीनों संगम अध्यक्षों सदस्यों के बीच हुई वार्ता असफल हो गई। उपभोक्ता संगम 3 के पदाधिकारी आज से ही नहर को दोबारा खोल कर टेल क्षेत्र को प्राथमिकता से पानी देने की मांग पर अड़े रहे। वहीं दो अध्यक्ष सदस्यों ने 15 दिन के अंतराल में नहर को दोबारा खोलने की मांग की।
इस मामले में उपखंड अधिकारी केआर खौड़ ने हस्तक्षेप कर जल संसाधन विभाग के अधिशाषी अभियंता सहायक अभियंता को बुलाकर वस्तुस्थिति जानी। उपखंड अधिकारी खौड़ ने विभाग के अभियंताओं को सहमति बनाने के निर्देश देने के साथ बताया कि नहर को खोलने के बारे में अंतिम निर्णय गुरुवार को होगा। इससे पूर्व बांध की नहर के अंतिम छोर रहड़, माताजी का खेड़ा, लक्ष्मीपुरा सहित अन्य गावों में नहरी पानी के नहीं पहुंचने से कलेक्टर तक गुहार लगा चुके जल उपभोक्ता संगम 3 के अध्यक्ष सदस्यों की मांग पर बुधवार को जल संसाधन विभाग में तीनों संगमों के अध्यक्षों सदस्यों को बुलाया गया।
एईएन ने दिया नोटिस
बैठकमें कोई समाधान नहीं निकलने के बाद सहायक अभियंता निर्मल लोढ़ा ने जल उपभोक्ता संगम समूह के सभापति तथा संगम संख्या 1 के अध्यक्ष रामेश्वरलाल बोहरा संगम संख्या 2 के अध्यक्ष धन्नालाल कहार को नोटिस जारी किया तथा आज ही इसका जवाब देने को कहा। नोटिस में बताया कि अध्यक्ष सभापति के टेल तक पानी पहुंचाने का प्रयास नहीं किया गया। अधिकारियों को गुमराह किया गया तथा जल वितरण कमेटी के निर्णय की अवहेलना की गई।