शाहपुरा। कस्बे के हायर सेकंडरी स्कूल को दो पारी में संचालित करने की मांग को लेकर मंगलवार को विद्यार्थियों ने प्रदर्शन किया। छात्रों ने स्कूल के बाहर मानव श्रृंखला बनाकर शिक्षामंत्री के खिलाफ नारेबाजी की। इससे कुछ देर के लिए भीलवाडा-देवली राजमार्ग पर यातायात बाधित रहा। इसके बाद एनएसयूआई कांग्रेस कार्यकर्ताओं की अगुवाई में छात्रों ने आक्रोश रैली निकाली। ज्ञापन देने के दौरान उपखंड कार्यालय में अफसर नहीं मिलने पर छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। छात्र उपखंड कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करने लगे और धरने पर बैठ गए।
धरने को संबोधित करते हुए ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष दिलीप गुर्जर ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियां छात्र विरोधी हैं। विद्यार्थियों को हक की लड़ाई के लिए सड़कों पर आना पड़ रहा है। शिक्षामंत्री कालीचरण सर्राफ का व्यवहार बच्चों के प्रति ठीक नहीं है। सोमवार को जयपुर में मिलने गई छात्राओं से दुर्व्यवहार किया यह निंदनीय घटना है। गुर्जर ने कहा कि शिक्षामंत्री को सार्वजनिक रूप से इसके लिए माफी मांगनी चाहिए। प्रदर्शन को देखते हुए थाना प्रभारी महेन्द्र कुमार मेघवंशी मौके पर पंहुचे। छात्रों, एनएसयूआई कार्यकताओं कांग्रेस पदाधिकारियों ने ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गुर्जर उपाध्यक्ष हितेश शर्मा की अगुवाई में उन्हें राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।
इसमें स्कूल दो पारी में चलाने कॉलेज में व्याख्याताओं की नियुक्ति की मांग की गई। विदित रहे कि विद्यार्थियों ने इसी मांग को लेकर सोमवार को भी शिक्षामंत्री का पुतला फूंकर प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस प्रवक्ता अविनाश शर्मा, महासचिव अभिषेक त्रिपाठी, एनएसयूआई कॉलेज इकाई अध्यक्ष योगेश ब्यावट, नगर अध्यक्ष पूरणमल खटीक, एससी नगर अध्यक्ष नवीन चावला, पार्षद राजेश सोलंकी, अनिल चौधरी, रजत जैन, मंजीत सोलंकी, माही शर्मा, नितेष शर्मा आदि उपस्थित थे।
(शाहपुरा. दोपारी में स्कूल संचालित करने की मांग को लेकर आक्रोश रैली निकालते विद्यार्थी।)