- Hindi News
- बैठक में शिवगंज को स्वच्छ रखने के बताए मूलमंत्र
बैठक में शिवगंज को स्वच्छ रखने के बताए मूलमंत्र
शहरको साफ-सथुरा रखने के लिए बुधवार को नगर पालिका अध्यक्ष कंचन सोलंकी ने हाथलारी, ठेले, होटल मिष्ठान के व्यापारियों की बैठक लेकर उन्हें निर्देश दिए। बैठक दोपहर करीब 3 बजे नगर पालिका के सभाभवन में आयोजित की गई, जो करीब एक घंटे तक चली। बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष सोलंकी ने हाथलारी, ठेला होटल के व्यापारियों को बाजार की सड़कों पर सामान नहीं रखने, नो ठेला जोन में हाथलारी खड़ी नहीं करने, प्रत्येक लारी के पास कचरा डालने के लिए डस्टबीन रखने, एकत्रित किए जाने वाले कचरे को निर्धारित जगहों पर रखे गए कचरा पात्रों में डालने, होटलों पर चाय-दुध के लिए प्रतिबंधित प्लास्टिक कप, गिलास का उपयोग नहीं करने, झूठा नाश्ता अन्य खाद्य सामग्री सड़कों पर नहीं डालने, दुकानों के बाहर भट्टी अन्य कोई सामान नहीं रखने का आग्रह किया। सफाई व्यवस्था में सहयोग देने का आग्रह करते हुए पालिकाध्यक्ष ने लारी, ठेला के संचालकों, व्यापारियों को कहा कि वे सड़क के किनारे एक तरफ खड़े रहे, ताकि यातायात में किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं आए। बैठक में संचालक व्यापारियों ने विश्वास दिलाया कि सड़कों पर कचरा नहीं डालेंगे एवं कचरे को डस्टबीन में डालकर निर्धारित जगहों पर ही उसे डाला जाएगा। बैठक में नगर पालिका के सफाई निरीक्षक नील कमलसिंह राणावत, पार्षद अशोक कुमावत, पूर्व पार्षद राजेंद्र सोलंकी कपूराराम मीणा भी मौजूद थे।