सीकर। कस्बे के वार्ड नौ में बुधवार रात श्याम पार्क के पास स्थित सूने मकान से चोर गहने अन्य सामान ले गए, वहीं कंचनपुर में नारायणी माता मंदिर का ताला तोड़कर चांदी के छत्र चुरा लिए। श्रीमाधोपुर में चोर पड़ोस की दीवार पर चढ़कर मकान की छत के रास्ते अंदर चौक में घुसे।
चोरी की वारदात का पता तब चला, जब संयोग से मकान मालिक शंकरलाल कुमावत गुरुवार सुबह गुजरात से अपने घर पहुंचा। मुख्य गेट खोलकर वह मकान में दाखिल हुआ तो चार कमरों के किंवाड़ हटाए हुए तथा एक कमरे का ताला टूटा मिला एवं सामान बिखरा था। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल की जांच की। शंकरलाल ने बताया कि वह और उसका छोटा भाई सागरमल कुमावत कई सालों से गुजरात के बलसाड में परिवार सहित रहते हैं।
श्रीमाधोपुर स्थित पैतृक मकान में उनका आना-जाना रहता है। चोरों ने कमरों में रखी आलमारी एवं बक्सों को तोड़कर जेवरात एवं कीमती साड़ियां चुरा ली। शंकरलाल ने बताया कि उसके छोटे भाई सागर के आने पर पता चलेगा कि चोरों ने कितना सामान चुराया है। पुलिस ने बताया कि अभी तक चोरी हुए सामान की सूची पुलिस को नहीं मिली है।
पहले भी हो चुकी है मंदिर में चोरी
ग्राम कंचनपुर में स्थित नारायणी माता मंदिर का ताला तोड़कर बुधवार रात चोर चांदी के छत्र सहित अन्य सामान ले गए। पुजारी घनश्याम सैन ने बताया कि पूजा करने के बाद गत दिवस रात आठ बजे वह मंदिर बंद कर घर चला गया था। गुरुवार सुबह छह बजे रोजाना की भांति मंदिर में पूजा करने के लिए आया तो अंदर चैनल गेट तथा मंदिर के गृभग्रह के दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर देखा तो मूर्ति के ऊपर लगे दो चांदी के छत्र, चांदी का शंख स्टैंड, घड़ावल एवं पीतल के बर्तन आदि नहीं मिले। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। ग्राम के वार्ड पंच रामोतार यादव सहित अन्य लोगों ने बताया कि पहले भी इस मंदिर से स्पीकर, मशीन दानपात्र आदि चोरी हो चुके हैं।