सीकर/श्रीमाधोपुर. जयपुर सीकर जिला सीमांकन को लेकर सोमवार को एक बार फिर से जयपुर जिले के खेजरोली गांव एवं सीकर जिले के फुटाला ग्राम पंचायत के दो पक्षों में विवाद हो गया। यह विवाद बीती रात एक पक्ष के द्वारा पेड़ काटने को लेकर हुआ। तनाव की स्थिति को देखते हुए मौके पर श्रीमाधोपुर एसडीएम, नायब तहसीलदार पुलिस दल के साथ पहुंचे।
उधर सूचना पर गोविन्दगढ़ पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोबारा सीमांकन नहीं होने तक मौके पर यथास्थिति बनाए रखने के आदेश जारी किए। जानकारी के अनुसार बीती रात को जयपुर जिले के खेजरोली की लेसुआ ढाणी एक पक्ष द्वारा पेड़ काटे जाने पर गोठा ग्राम के दूसरे पक्ष ने पेड़ सीकर जिले के फुटाला ग्राम पंचायत सीमा में होने की बात कहते हुए विरोध जताया।
विवाद बढ़ने पर श्रीमाधोपुर गोविन्दगढ़ पुलिस ने रात को मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को शांत कराया था। सोमवार को फिर से दोनों पक्षों में विवाद हो जाने पर मौके पर श्रीमाधोपुर एसडीएम नरेन्द्र थोरी पुलिस जाप्ते के साथ पहुंचे तथा बाद में गोविन्दगढ़ पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
यहां खेजरोली पक्ष के लोगों द्वारा अपने ही काश्त की जमीन पर से पेड़ काटे जाने की बात कही। वही फुटाला ग्राम पंचायत के गांव के दूसरे पक्ष ने पेड़ों के सीकर जिले की सीमा में होने की बात कहते हुए दोबारा से सीमांकन की मांग की।
प्रशासन ने दोबारा से सीमांकन करने का आश्वासन देते हुए मौके पर यथास्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए। इस संबंध में एसडीएम श्रीमाधोपुर डॉ. नरेंद्र थोरी का कहना है कि सीमांकन को लेकर पहले भी विवाद हुआ था।