श्रीमाधोपुर। सेना में भर्ती कराने के नाम पर धोखाधड़ी कर रुपए हड़पने के आरोपी को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी गुड़गांव के पटौदी थाने के गांव बांसपदमका निवासी प्रीतम पुत्र रणवीरसिंह यादव है। आरोपी के खिलाफ 14 मई 2014 को जयरामपुरा निवासी सीताराम जाट ने मामला दर्ज कराया था कि प्रीतम ने उनसे संपर्क कर उसके रिश्तेदारों व परिचितों को सेना में नौकरी लगाने का झांसा देकर उससे 10 लाख रुपए ले लिए। इसके बाद वह झांसा देता रहा तथा रुपए नहीं लौटाए। पुलिस ने शनिवार को उसे गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी प्रीतम भी सैनिक है तथा आगरा में पदस्थापित है। आरोपी छुट्टी लेकर अपने घर आया हुआ था।