पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • जमीन अधिग्रहण में शहरों से ज्यादा गांवों की जमीन पर मिलेगा मुआवजा

जमीन अधिग्रहण में शहरों से ज्यादा गांवों की जमीन पर मिलेगा मुआवजा

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
सीकर। राज्य सरकार द्वारा जमीनों का अधिग्रहण करने पर अब शहर के पास की जमीनों का मुआवजा कम जबकि दूर की जमीनों का ज्यादा मुआवजा मिलेगा। नए नियमानुसार शहरी सीमा से 15 किलोमीटर परिधि तक बाजार मूल्य का 25 फीसदी ज्यादा मुआवजा मिलेगा। जबकि जमीन शहरी सीमा से 30 किलोमीटर परिधि से ज्यादा दूर होने पर 75 फीसदी ज्यादा
मुआवजा मिलेगा।

इस संबंध में सभी कलेक्टर को आदेश जारी किए गए हैं। आदेश में कहा गया कि ग्रामीण क्षेत्र में प्रस्तावित विभिन्न परियोजनाओं के लिए जमीन अधिग्रहण करने पर निकटतम शहरी क्षेत्र की सीमा को आधार माना जाएगा। इसमें शहरी सीमा से 15 किलोमीटर की परिधि तक मुआवजा 25 फीसदी ज्यादा, 15 से 30 किलोमीटर तक मुआवजा 50 फीसदी ज्यादा और 30 किलोमीटर से अधिक परिधि पर 75 फीसदी मुआवजा ज्यादा दिया जाएगा।
संभागीय आयुक्त होंगे पुनर्वास आयुक्त

शहरी क्षेत्र की सीमा का निर्धारण संबंधित निकाय के वार्ड के अंतिम छोर से किया जाएगा। नए नियमानुसार अधिग्रहण होने वाली जमीनों के प्रभावितों के पुनर्वास के लिए संभागीय आयुक्त को पुनर्वास आयुक्त बनाया गया है। अवाप्ति क्षेत्र में दो से अधिक संभाग होने पर जिस संभाग की अधिक भूमि अधिग्रहण हो रही है, उस संभाग के आयुक्त इसके प्रभारी होंगे।

इस तरह रहेगी कीमत तय करने की प्रक्रिया

भूमि अधिग्रहण के मामले में डीएलसी दर या विक्रय पत्र में अंकित राशि आधार होगी। अधिग्रहण के वक्त इन दोनों में से जो भी राशि अधिक होगी उससे मुआवजा तय किया जाएगा। तहसीलदार मंगलचंद सैनी के अनुसार कई बार डीएलसी दर से ज्यादा राशि पर जमीन खरीदी जाती है। रजिस्ट्री में अंकित राशि अगर डीएलसी दर से ज्यादा है तो उसके आधार पर ही मुआवजा तय होगा।
यूं समझें नई व्यवस्था का असर
सीकर शहर में शिव मंदिर के पास आॅन रोड जमीन की डीएलसी दर 6900 प्रति वर्ग मीटर है।
यूं मिलेगा मुआवजा : अधिग्रहण पर डीएलसी दर के 25 फीसदी ज्यादा के हिसाब से 8625 रुपए प्रति वर्ग मीटर के हिसाब से मुआवजा मिलेगा।

गोरिया से रानोली के बीच ऑन रोड 10 लाख रुपए प्रति बीघा डीएलसी दर है। जो शहर से 15 किमी से ज्यादा दूर है।

-अधिग्रहण पर डीएलसी दर का 15 लाख रुपए के आधार पर मुआवजा राशि तय की जाएगी।
हाईवे पर 40 लाख रुपए प्रति बीघा जमीन : नई डीएलसी रेट के आधार पर अजीतगढ़ व श्रीमाधोपुर एनएच पर 40 लाख रुपए व जयपुर अजीतगढ़ हाईवे पर 30 लाख रुपए प्रति बीघा डीएलसी रेट तय की गई है।