दौसा. दुब्बी. रेटागांव की मूसा ढाणी में शुक्रवार को ग्रामीणों ने अपहरण के आरोपी को पकड़कर उसकी जमकर धुनाई कर दी। ग्रामीणों ने बाद में उसे पुलिस को सौंप दिया।
ग्रामीणों के अनुसार चार-पांच महीने पहले सोनाथ मीणा के घर रिश्तेदारों के साथ बच्चूसिंह उर्फ कमलेश मीणा निवासी अडोली जिला अलवर आया। वह सोनाथ की पुत्री अर्चना को बहला फुसलाकर सिकंदरा की ओर ले गया, जहां उसने बालिका को जूस पिलाया। नादौती के पास एक गांव में रातभर रखा तथा लांका चौकी के पास अर्चना को छोड़ गया।
बालिका को रोते देख ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। परिजनों ने लांका चौकी पर रिपोर्ट दर्ज करा दी। ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी राजवास में तीन साल से कशीदा की दुकान करता है। बुधवार रात वह फिर सोनाथ के घर पहुंच गया।
बालिका के पहचानते ही आरोपी बाजरे के खेत में भाग गया। शुक्रवार सुबह सिकंदरा चौराहे पर वह पकड़ में गया, जिसे ग्रामीण रेटा ले आए और जमकर धुनाई कर पुलिस को सौंप दिया। उसके पास से तीन मेमोरी कार्ड, एक फोन, नकदी दो लड़कियों के फोटो, नकली नोट मिले हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी से बड़ा खुलासा होने की उम्मीद है।