दौसा. सिकंदरा| नेशनल हाइवे 11 पर डाबर ढाणी के समीप सोमवार रात चोर यहां पत्थर व्यापारियों के कारखानों पर लगे बिजली के चार ट्रांसफार्मरों से सामान चुराकर ले गए। दो दिन में ट्रांसफार्मरों से चोरी की क्षेत्र में यह दूसरी वारदात है। ट्रांसफार्मरों से सामान चोरी की घटना की जानकारी मिलते ही सुबह एकत्र हुए पत्थर व्यापारियों ने घटना को लेकर रोष व्यक्त किया तथा प्रशासन को इसकी सूचना दी।
रात को चोर बिजली की लाइन काटकर यहां नेशनल हाइवे 11 पर डाबर ढाणी के समीप दीपक स्टोन, शिव स्टोन, कान्हाराम सैनी तथा मुथरेश सैनी के कारखानों पर लगे बिजली ट्रांसफार्मरों को नीचे उतारकर इनमें से तांबा आयल चुराकर ले गए। सुबह व्यापारियों के यहां पहुंचने पर सामान नीचे फैला हुआ मिला।
इसकी सूचना मिलते ही और व्यापारी एकत्रित हो गए तथा घटना को लेकर रोष जताया। उन्होंने कहा कि आए दिन इस प्रकार की घटनाएं हो रही है, लेकिन प्रशासन का इस ओर ध्यान नहीं है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में ट्रांसफार्मरों से सामान चोरी की घटनाएं बढ़ रही है। उन्होंने घटना की निगम के अधिकारियों को सूचना दी। व्यापारियों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों ने जताया था रोष
क्षेत्र में ट्रांसफार्मरों से आयल तांबा चोरी की यह दूसरी वारदात है। इससे पहले रविवार रात चोर लीखली गांवड़ी गांव में रणजीत सिंह, भजनलाल, रामकिशन गुर्जर, जगराम तथा किशनलाल गुर्जर के खेतों पर लगे पांच ट्रांसफार्मरों से आयल तांबा चुराकर ले गए। इसे लेकर वहां भी ग्रामीणों ने घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए रोष जताया था, लेकिन चोरों ने दूसरी रात को भी वारदात को अंजाम दे दिया।
व्यापार हुआ प्रभावित
जिन पत्थर इकाइयों पर लगे ट्रांसफार्मरों से आयल तांबा चोरी हुआ। वहां बिजली के अभाव में व्यापार प्रभावित हुआ। यहां पूरा व्यवसाय बिजली पर निर्भर है। ट्रांसफार्मरों से सामान चोरी होने के बाद बिजली गुल हो गई। इससे यहां कार्य प्रभावित हुआ।