यातायात में बाधा बने अतिक्रमण हटाए
सिकंदराचौराहे के विभिन्न मार्गों पर यातायात व्यवस्था में बाधा बने आडे़ तिरछे खडे़ वाहन तथा दुकानों के बाहर रखे जाने वाले सामान के खिलाफ पुलिस प्रशासन ने अभियान शुरू कर दिया। पुलिस ने अभियान के अंतर्गत दो दिन में 13 वाहन जब्त करने के साथ दुकानों के बाहर रखा सामान भी हटवाया।
सिकंदरा चौराहे पर यातायात व्यवस्था बदहाल होने से वाहन चालक तथा यहां से गुजरने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। विभिन्न मार्गों पर आडे़-तिरछे खडे़ रहने वाले वाहन तथा दुकानों के बाहर सामान रखकर कुछ व्यापारियों द्वारा किए गए अतिक्रमण से वाहन चालकों को निकलने में परेशानी हो रही थी। इसे लेकर पुलिस प्रशासन ने इनके खिलाफ अभियान शुरु कर दिया।
सिकंदरा थाना प्रभारी लक्ष्मीकांत शर्मा के नेतृत्व में पुलिस के जवानों ने आडे़-तिरछे खडे़ वाहनों को हटवाने के साथ सिकंदरा चौराहे के विभिन्न मार्गों पर दुकानों के बाहर सामान रखकर अतिक्रमण करने वाले कुछ व्यापारियों से सामान हटवाए तथा यातायात में परेशानी बने ठेलों को भी हटवाया। थाना प्रभारी लक्ष्मीकांत शर्मा ने बताया कि पुलिस ने दो दिन में 12 जीप तथा एक ट्रैक्टर को जब्त किया साथ ही दुकानों के बाहर रखे सामान को भी हटवाया। इस दौरान पुलिस को कुछ विरोध का भी सामना करना पड़ा, लेकिन समझाइश के बाद वाहन तथा अतिक्रमण हटवा दिया। इस अवसर पर काफी संख्या में लोग मौजूद थे। लोगों ने बताया की वाहनों के इस तरह खड़े रहने से आवागमन में परेशानी होती थी।