पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • चार दिन में एक बार मिल रहा है पानी

चार दिन में एक बार मिल रहा है पानी

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जलदायविभाग द्वारा कस्बे में चार दिन में एक बार पानी की आपूर्ति करने से लोग परेशान हैं। लोगों ने व्यवस्था नहीं सुधरने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। कस्बे में पानी वितरण के लिए गांव निहाम में पंप हाउस लगा है तथा विभाग द्वारा पिछले कुछ माह से तीन दिन में एक बार पानी दिया जा रहा था। लेकिन एक पखवाड़े से चार या पांच दिन में पानी वितरित किया जाने लगा है। पानी नहीं आने से लोग खरीद कर पानी की पूर्ति कर रहे हैं। इसके अलावा मीठे पानी के हैंडपंपों पर दिन भर महिलाओं की लाइन लगी रहती है। यहां पीएचईडी कनिष्ठ अभियंता का पद पिछले तीन वर्षों से रिक्त है। इसके अलावा निहाम से सीकरी तक मुख्य पाइप लाइन में अवैध कनेक्शन भी पेयजल समस्या का कारण है। अवैध कनेक्शनों के कारण पूरा पानी सीकरी नहीं पहुंचता तथा पानी की समस्या बनी रहती है। पेयजल समस्या से परेशान कस्बेवासियों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर पेयजल समस्या का समाधान कराने की मांग की है। व्यवस्था नहीं सुधरने पर धरना प्रदर्शन की चेतावनी भी दी है।

इस संबंध में पीएचईडी के कार्यवाहक जेईएन संजीव लोचन ने बताया कि पंप हाउस की मोटर खराब होने के कारण समस्या बढ़ी है। अवैध कनेक्शन करने वालों के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज करा रखा है तथा समय- समय पर ऐसे कनेक्शन काटे जाते हैं। अब जल्द ही दोबारा अभियान चलाकर अवैध कनेक्शन काटे जाएंगे। मोटर ठीक करा दी गई है। जल्द ही कुछ सुधार हो जाएगा।