पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • सांसद के घर के बाहर उत्पात

सांसद के घर के बाहर उत्पात

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
विधानसभाउपचुनाव का नतीजा आने के बाद कस्बे में गाड़ियों में घूम रहे युवकों ने कई जगह उत्पात मचाया। सांसद के घर पर भी पथराव किया गया। कस्बा रात तक पुलिस छावनी बना रहा। कुलोठ खुर्द के एक दुकानदार ने आधा दर्जन से ज्यादा युवकों के खिलाफ सूरजगढ़ थाने में मामला दर्ज कराया है। दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

कस्बे में चिड़ावा रोड स्थित सांसद संतोष अहलावत के घर के सामने से जीत के नारे लगाते गुजर रहे बाइक सवार युवकों ने उत्पात मचाया। दरवाजे को बाइक से टक्कर मारी और पत्थर फेंके। वहां मौजूद सांसद के समर्थकों ने इनका पीछा किया तो वे दो बाइक छोड़ कर भाग गए। सूचना पर पुलिस जाब्ता तैनात किया गया। उधर, अनाज मंडी स्थित भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष सुभाष पूनिया की दुकान पर भी गाड़ी निकलते युवकों ने पत्थर फेंके। यहां पूनियां के समर्थकों ने पीछा करके दो युवकों को पकड़ कर पुलिस के हवाले किया।

इसी तरह गाड़ी में भरकर कुलोठ खुर्द पहुंचे युवकों ने भाजपा कार्यकर्ता की दुकान में घुसकर तोड़-फोड़ की। दो अन्य कार्यकर्ताओं से मारपीट भी की। घायल सुनील को जयपुर रैफर किया गया। उत्पाती युवक गाड़ी को मौके पर ही छोड़कर भाग गए। दुकानदार सुरेंद्र पुत्र रामस्वरूप जाट ने हरिसिंह, पवन, सत्यवान, सोमवीर, राजेंद्र सहित कई अन्य युवकों के खिलाफ दुकान में तोड़ फोड़ मारपीट का मामला दर्ज कराया। घटना के बाद सांसद के घर पर पुलिस पहरा लगाया गया। चिड़ावा-बुहाना मार्ग पर बेरिकेड्स लगाकर कांग्रेस के बैनर झंडे लगे वाहनों को मंडी से होते हुए निकाला गया। वहीं सिंघाना, बुहाना होते हुए मंगलवार शाम सूरजगढ़ रहे नवनिर्वाचित विधायक श्रवण कुमार के काफिले को भी बुहाना से सीधे ही घरडू की ढाणी ले गए।

शाम को एसपी कुंवर राष्ट्रदीप ने कस्बे में स्थिति का जायजा लिया। बुहाना एसडीएम कमरुद्दीन, एएसपी हाकिम सिंह, डीएसपी रामनिवास मीणा, सीआई रामजीलाल भी मौके रहे। पुलिस ने सांसद के घर के बाहर नाले में पड़ी दो बाइक, मंडी कुलोठ खुर्द से एक-एक गाड़ी जब्त की है।

सांसद के घर के आगे छोड़ी गई बाइक ले जाते हुए।

सूरजगढ़ .चिड़ावा रोड पर सांसद के घर के बाहर मंगलवार को उत्पात के बाद पहुंचा पुलिस जाप्ता।