नियम विरुद्ध 44 छात्रों की एक साथ करवा दी प्रायोगिक परीक्षा
खेतड़ी | माध्यमिकशिक्षा बोर्ड द्वारा गठित उड़दस्ते ने बुधवार को जिले के दर्जनभर स्कूलों का निरीक्षण किया। इसमें कई जगह अनियमितताएं पाई गई। जानकारी के मुताबिक टीम ने जिला संयोजक रमाकांत तिवाड़ी के नेतृत्व में चनाना, सोलाना, किठाना, सिंघाना, नंगली सलेदीसिंह, राजोता, किशोरपुरा सहित अनेक जगह निरीक्षण किया। टीम के सदस्य कमलेश शर्मा तथा जितेंद्र सुरोलिया ने बताया कि किशोरपुरा स्थित नेशनल लाॅरेंस एकेडमी में बाह्य परीक्षक महेंद्रकुमार बुनकर ने नियम विरुद्ध 12 बजे तक दोनों बैचों की प्रायोगिक परीक्षाएं करा दी। राजोता के शांति निकेतन स्कूल में परीक्षक रामजीलाल वर्मा ने नियम विरुद्ध 44 छात्रों की प्रायोगिक परीक्षा एक साथ कराई। सुरोलिया ने बताया कि दोनों स्कूलों का मामला गंभीर होने के चलते कार्रवाई के लिए इसकी सूचना माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अजमेर को दे दी गई है।