- Hindi News
- कांस्टेबल ने अन्न जल त्यागा, उदयपुर रेफर
कांस्टेबल ने अन्न-जल त्यागा, उदयपुर रेफर
पुलिसलाइन के कांस्टेबल गजेंद्रसिंह को सोमवार सुबह तबीयत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। देर शाम तक अन्न जल ग्रहण नहीं करने पर उसे अस्पताल से उदयपुर के लिए रैफर किया गया।
इलाज के दौरान कांस्टेबल सिंह ने बताया कि सुबह 7 बजे परेड के करीब आधे घंटे के बाद तबीयत खराब होने पर उसे इलाज के लिए सरकारी अस्पताल लाया गया। उसने बताया कि रविवार सुबह से उसने अन्न जल त्याग दिया है। उसने यह भी बताया कि इस बारे में पुलिस महानिदेशक जयपुर, एसपी सिरोही और रिजर्व पुलिस लाइन के संचित निरीक्षक को लिखित में सूचना देकर 6 दिसंबर तक न्याय नहीं मिलने पर अन्न जल का त्यागने की चेतावनी दी थी। उसने बताया कि गत 18 सितंबर 2009 को कालंद्री थाना क्षेत्र में जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। उसी दिन उसके निलंबन आदेश दिए गए, लेकिन 23 अक्टूबर 2009 को बहाल करने के साथ ही 17 सीसी का नोटिस जारी किया गया। इस मामले की कार्रवाई को लेकर उठाए गए सवालों का जवाब नहीं मिलने पर पूर्व में भी अन्न जल त्यागा था, लेकिन बाद में आश्वासन मिलने पर अनशन तोड़ दिया, लेकिन न्याय नहीं मिलने पर उसने पुलिस महानिरीक्षक को पत्र भेजकर 6 दिसंबर से दुबारा से अन्न जल त्याग दिया। सोमवार को उसकी तबीयत खराब होने पर उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। उसने वरिष्ठ अधिकारियों को दिए गए पत्र में बताया कि एसडीएम सिरोही ने 4 अगस्त को वादा किया था कि दस दिन में जांच कर न्याय दिया जाएगा।
सिरोही. अस्पतालमें भर्ती कांस्टेबल।