13 माह में नहीं बन पाई 8 किमी सड़क
सिरोहीरोड के वोलकेम चौराहा से गडीया बोर्डर तक मात्र 8 किलोमीटर लंबी सड़क का काम 13 माह बाद भी पूरा नहीं हो सका है। धीमी गति से चल रहे निर्माण कार्य के अलावा बनाई गई सड़क भी पहली बारिश में ही बिखरने लगी है। जिसका खामियाजा आमजन भुगत रहे हैं।
गडीया सीमा से फोरलेन को पिंडवाड़ा तक जोड़ने वाली इस सड़क का काम 4 अगस्त 2013 को शुरू हुआ था, जिसे 3 मार्च 2014 को इसे पूरा करना था। ताज्जुब की बात है कि महज आठ किलोमीटर लंबी इस सड़क को बनाने के लिए पीडब्ल्यूडी ने आठ महिने का समय दिया और उससे भी बड़ी बात यह है कि 13 माह बीत जाने के बावजूद यह सड़क आज भी अधूरी है। इसके साथ ही जो सड़क अब तक बनी है वह भी अभी से बिखरने लगी है।
रजवाडा पुलिए पर भी नहीं हुआ काम
सिरोहीरोड पर जाने वाले रास्ते पर बने रजवाडी पुलिए को भी इसी प्रोजेक्ट के तहत चौड़ा करने का काम ठेकेदार को दिया था ,जिसमें एक पुलिया नया बनना था, लेकिन यह काम भी अभी तक नहीं हो पाया है। इसी प्रकार गडीया स्कूल के बाहर से जा रही इस सड़क पर सीसी रोड की रपट का निर्माण किया जाना था। इसके लिए ठेकेदार ने एक हिस्सा पूरा कर लिया, लेकिन दूसरा हिस्सा अधूरा छोड़ दिया है जो आज दिन तक पूरा नही हो सका। स्कूल के मुख्य दरवाजे पर आधा अधूरा काम होने से स्टूडेंट्स को स्कूल में आने पर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
यह होना था काम
पीडब्ल्यूडीके मुताबिक गडीया सीमा से मजिस्ट्रेट के घर तक क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत करके उस पर नई डामरीकृत सड़क बनानी थी। मजिस्ट्रेट के घर से सिरोही रोड रेल्वे फाटक तक सड़क को चौड़ा करना तथा रेल्वे फाटक से आगे सड़क को चौड़ी करना था। इसी के साथ बीच में रहे गडीया गांव की स्कूल के बाहर सीसी रपट, उरिया के पास बने नाले को पाईप वाला नाला बनाना सिरोही रोड रजवाडी पुलिया को डबल करना था। इस काम के लिए आठ माह की समय सीमा तय की गई, लेकिन आज 13 माह बीतने के बावजूद अभी तक केवल 50 फीसदी काम ही पूरा हो सका है।
ठेकेदार को थमा दिया है नोटिस
^निर्धारिततिथि तक काम पूरा नहीं करने पर संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी किया गया है, जिस पर उसे लेट कार्य करने के लिए पैनल्टी भरनी होगी। ठेकेदार को अभी तक आधा भुगतान ही किया गया है। टूटी सड़क की पुन: मरम्मत और काम पूरा होने के बाद रोकी गई राशि जारी की जाएगी। -पूनारामकुम्हार, एईएन,पीडब्ल्यूडी