कालकाजी बांध को लेकर आखिर जागा प्रशासन
कालकाजी बांध के नालों में मलबे और पत्थरों पर शहरवासियों समेत आसपास के ग्रामीणों ने भी जताई चिंता, सिरोही के वरिष्ठ नागरिकों की हुई बैठक
भास्करन्यूज | सिरोही
फोरलनेनिर्माण के कारण कालकाजी के बंद हुए नालों के मामले में आखिरकार सोमवार को प्रशासन की नींद उड़ी। जिसके बाद अब शीघ्र ही इस मलबे को हटाने की बात कही गई है। इससे पूर्व दिन में सांसद देवजी पटेल सिरोही पहुंचे। जहां शहर के अनेक लोगों ने उन्हें कालकाजी बांध के नालों के बंद होने की जानकारी दी। जिसके बाद शाम को खुद सांसद ने हाथीधड़ा जाकर इन नालों का निरीक्षण किया। सांसद के पहुंचने के बाद कलेक्टर वी. सरवन भी मौके पर पहुंचे। सांसद के साथ अन्य भाजपा नेता और जनप्रतिनिधि भी थे। इन सभी ने जब पुलिया के नीचे जाकर देखा तो पूरा नाला मलबे से अटा पड़ा था। हालाकि कुछ जगहों से मलबे को मलबे को पहले ही हटा दिया गया था, लेकिन फिर भी नाला पूरी तरह से खुला हुआ नहीं था। ऐसे में सांसद देवजी पटेल जितना जल्दी हो सके इन नालों से मलबा हटवाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने इस संबंध में एलएनटी कंपनी के अधिकारियों की बैठक बुलाने के लिए भी कहा। जिसमें वे खुद मौजूद रहेंगे। इससे पूर्व कालकाजी के मुद्दे पर शहर के वरिष्ठ नागरिकों की बैठक हुई।
गौरतलब है कि फोरलेन निर्माण के कारण नालों के बंद होने का मामला सबसे पहले दैनिक भास्कर ने उठाया। दैनिक भास्कर ने पिछले चार दिन से इस पूरे मामले की हकीकत बताते हुए यह सामने रखा कि कैसे वे सभी नाले बंद हो गए हैं। जिनसे कालकाजी में पानी पहुंचता है। इस मुहिम में पाठकों ने भी बड़ा योगदान दिया और प्रशासन की बेफिक्री पर चिंता जताई। आखिरकार पाठकों की जागरुकता और साथ रंग लाया। जिसके बाद उम्मीद है कि यह मलबा शीघ्र से शीघ्र हट सकेगा।
पुल के नीचे से हटाया मलबा
बाहरीघाटा में फोरलेन निर्माण के दौरान हाथीधड़ा पर बनाए गए पुल के नीचे डाले गए मलबे से पानी रूका हुआ है। दैनिक भास्कर में लगातार प्रकाशित समाचार के बाद सोमवार को कंपनी की ओर से पुल के नीचे से डाले गए मलबे को हटाया गया, इसके बावजूद मलबा पूरी तरह से नहीं हटाने से अब भी पानी रूका हुआ है। निरीक्षण के दौरान सांसद के साथ जिलाध्यक्ष लुंबाराम चौधरी, नेता प्रतिपक्ष सुरेश सगरवंशी, उपाध्यक्ष तारामराम माली और मिडिया संयोजक लोकेश खंडेलवाल समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे