- Hindi News
- जालोर को ग्रे जोन जिला घोषित करने की मांग
जालोर को ग्रे जोन जिला घोषित करने की मांग
सायला | जालोरजिला डार्कजोन में होने के कारण जिले के किसानों को सिंचाई के लिए परेशान होना पड़ रहा है। ऐसे में सरकार को इस मुद्दे पर गंभीरता पूर्वक सोचते हुए जिले को ग्रे जोन घोषित करना होगा। यह बात बुधवार को कस्बे के लहर भारती कुटिया में आयोजित किसान संघर्ष समिति की जिला स्तरीय बैठक में किसान नेताओं ने व्यक्त की। समिति के जिला संयोजक विक्रमसिंह पूनासा ने कहा कि जिले को ग्रेजोन में तब्दील करने के लिए माही बजाज सागर एवं नर्मदा परियोजनाओं को शीघ्र से शीघ्र मूर्त रूप देना होगा। उन्होंने किसानों से अपने हक के लिए संगठित होने का आह्वान किया।
जालोर विधायक अमृता मेघवाल ने कहा कि वे किसानों की समस्याओं को लेकर गंभीर है तथा माही परियोजना से किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध करवाने का मुद्दा कई बार विधानसभा में भी उठाया है। प्रधान रामप्रकाश चौधरी ने कहा कि माही परियोजना के पानी के लिए पंचायत समिति की साधारण सभा में प्रस्ताव लेकर राज्य सरकार को भिजवाया जाएगा। बैठक में भीनमाल तहसील अध्यक्ष भलाराम, हरिराम विश्नोई, मंगलसिंह सहित कई किसान नेताओं ने संबोधित किया। इस अवसर पर सुरेश व्यास, सुभाषचंद्र विश्नोई, छैलसिंह राठौड़, मोड़ाराम, मोटाराम चौधरी, लुकाराम पुरोहित, अर्जुनसिंह राजपुरोहित, बलवंतसिंह, महेंद्र चौपड़ा, मंगलसिंह, भूराराम पुरोहित, कस्तूराराम, गेबाराम चौधरी, अमराराम हिम्मताराम चौधरी सहित जिलेभर से किसान उपस्थित थे।
बैठक में 28 दिसंबर को भीनमाल में जिला स्तरीय किसान महा सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया गया। विक्रमसिंह ने बताया कि सम्मेलन में जालोर, सिरोही बाड़मेर जिले के सांसद विधायक भाग लेंगे।
जिसमें माही बजाज सागर नर्मदा परियोजना को शीघ्र लागू करवाने तथा किसान हितों पर चर्चा की जाएगी।