सोजत। जिले के छोटे से गांव भैसाणा की रहने वाली हिमांशी जोशी केंद्र सरकार के खर्चे पर जापान घूमने जाएंगी। विज्ञान प्रौद्योगिकी विभाग की ओर से दिए जाने वाले इंस्पायर अवार्ड विजेताओं में से अधिकतम अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का विदेश भ्रमण के लिए चयन होता है।
इसी के तहत राजस्थान के 12 विद्यार्थियों का चयन जापान भ्रमण लिए हुआ है। इनमें हिमांशी जोशी भी शामिल है। जानकारी के अनुसार केंद्र सरकार की ओर से विज्ञान प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में इंस्पायर अवार्ड विजेताओं में से आठवीं कक्षा में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का चयन विदेश भ्रमण के लिए जाता है।
गणित विज्ञान विषय में अधिक अंक प्राप्त करने वालो को मिलता इंस्पायर अवार्ड
विज्ञान प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में आठवीं कक्षा में विज्ञान गणित विषय में अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को इंस्पायर अवार्ड दिया जाता है। इंस्पायर अवार्ड के बाद अधिकतम अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का चयन विदेश भ्रमण के लिए किया जाता है। हिमांशी ने विज्ञान में 200 में 171 गणित में 138 अंक प्राप्त किए थे।
भास्कर ने जब हिमांशी को फोन पर विदेश भ्रमण के लिए उसका चयन होने की जानकारी दी ताे उसकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। हिमांशी को सिर्फ इस बात का ही गम है कि काश, वह मम्मी-पापा को भी अपने साथ जापान ले जाती। हिमांशी के पिता पारसमल जोशी एलआईसी एजेंट हंै, जबकि मां लालादेवी गृहिणी है। इसके अलावा परिवार में उसका एक छोटा भाई भी है।
अनेक शहरों का भ्रमण करेगा दल
जापान भ्रमण के लिए जाने वाले दल को जापान की संसद का भ्रमण करवाया जाएगा। साथ ही जापान के प्राकृतिक सांस्कृतिक परिवेश से रूबरू कराया जाएगा। भ्रमण दल टोक्यो, टोयटो, कांमाकी, ताराहामा यातोमी शहरों का भ्रमण करेगा।