पाली. मंगलवार की शाम को वारदात से कुछ देर पहले पानी दरवाजा पर एक बाइक स्लीप हुई थी, जिस पर तीन युवक सवार थे। तीनों ने मुहं पर रुमाल बांध रखा था। तेज स्पीड में बाइक चलाने पर वहां एक किराणा परचून की दुकान मालिक ने तीनों को फटकार लगाई तो इनमें से एक आरोपी ने दुकानदार को पिस्टल दिखाई थी।
चादर वाला बालाजी मार्ग पर एक मकान से सीसीटीवी फुटेज में मंगलवार रात 8 बजकर 46 मिनट पर एक बाइक पर तीन युवक पानी दरवाजा मार्ग की ओर जाते दिखे है। तीनों ने मुंह पर रुमाल बांध रखा है। वारदात के बाद बदमाश भैरुघाट की ओर भागे थे, लेकिन बाद में वे कहां गायब हो गए। इसके फुटेज खंगाले जा रहे है।
वारदात के दौरान बदमाशों ने बाइक रोकते ही ज्वेलर की कनपटी पर पिस्टल तान दी और फायर कर दिया। बीच-बचाव में आए दोनों छात्र नेताओं पर भी फायर किए और भाग गए। उस समय ज्वेलर का साथी भी घटनास्थल पर था, लेकिन बदमाशों ने उस पर फायर क्यों नहीं किए। इस पहलू पर भी पुलिस गौर कर जांच कर रही है।
शहर के सोमनाथ के निकट भटवाड़ा इलाके में मंगलवार रात को गोली मार ज्वेलर दीपक
सोनी की हत्या और छात्र संघ के दो पूर्व अध्यक्ष कुंपावत बंधुओं के घायल होने की घटना के बाद बुधवार को शहर में जबरदस्त आक्रोश नजर आया।
घटना के विरोध में हर कोई अपना आक्रोश जताने में लगा हुआ था, जिनके टारगेट पर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था रही। शहर के इतिहास में सरेआम गोली मारकर व्यापारी की हत्या की इस पहली वारदात के खिलाफ बुधवार को यह पहला मौका था। जब सभी जाति-धर्म और राजनीतिक दलों के लोगों ने एक साथ आकर बंद को सफल बनाया और पुलिस के खिलाफ सामूहिक रुप से गुस्सा निकाला।
गोलीबारी से गुस्साए लोग बुधवार सुबह ही घरों से निकल गए और बाजार में बंद कराने पहुंच गए। सूरजपोल से लेकर स्टेशन, हाउसिंग बोर्ड और मंडिया रोड से लेकर पुराना बस स्टैंड, सुमेरपुर मार्ग, नया गांव-सोजत मार्ग के साथ शहर के बाजारों में लोगों ने दुकानें बंद कराई।
अलग-अलग समूह बना कर लोग घटना को लेकर अपना विरोध जताते रहे। सुबह से शाम तक पुलिस के साथ आरएसी एसटीएफ के जवान वज्र वाहन के साथ प्रदर्शनकारियों के पीछे शहर की सड़कों पर दौड़ते रहे।