- Hindi News
- ज्यादातर विधायकों के चहेते बने मंडल अध्यक्ष
ज्यादातर विधायकों के चहेते बने मंडल अध्यक्ष
पंचायतीराजचुनाव के कारण अटकी पड़ी भाजपा मंडल अध्यक्षों की सूची बुधवार को जारी कर दी गई है। जिला कार्यकारिणी में जिलाध्यक्ष सुमेरपुर विधायक मदन राठौड़ के मनपंसद लोगों को ही महत्व मिला था, मगर मंडल अध्यक्षों के चुनाव में संबंधित विधायकों की राय को ही महत्व दिया गया है। पाली शहर, सोजत ग्रामीण तथा बाली ग्रामीण मंडल के अध्यक्षों को दुबारा अध्यक्ष बनाया गया है।
लोकसभा चुनाव के बाद प्रदेश भाजपा ने जिला संगठन की कमान महेंद्र बोहरा के स्थान पर सुमेरपुर विधायक मदन राठौड़ को सौंप दी थी। राठौड़ की तरफ से बनाई गई जिला कार्यकारिणी में अधिकांश पदाधिकारियों में उनके पंसद के ही चेहरे शामिल किए गए थे। इस कार्यकारिणी में प्रमुख पदों पर अपने नजदीकी लोगों को ही नियुक्ति दी गई थी। अब मंडल अध्यक्षों की सूची में जिन लोगों को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है, इसमें लगभग सभी चेहरों के मनोनयन में क्षेत्रीय विधायकों की राय को ही तवज्जो दी गई है। पाली में फिर से रामकिशोर साबू को अध्यक्ष बना दिया गया है। वहीं बाली में ऊर्जा राज्य मंत्री पुष्पेंद्रसिंह राणावात के करीबी पूर्व जिला परिषद सदस्य रहे प्रतापसिंह भाटी को दुबारा बाली ग्रामीण मंडल का अध्यक्ष बनाया गया है।
प्रदेशाध्यक्ष ने फाइनल की सूची
जिलाकार्यकारिणी की घोषणा के बाद मंडल अध्यक्षों की घोषणा दूसरे दिन ही की जानी थी, मगर अध्यक्षों के नामों को लेकर विवाद की स्थिति बन जाने के कारण यह अटक गई थी। इसके बाद प्रदेशाध्यक्ष के समक्ष क्षेत्रीय विधायकों ने अपने समर्थकों को अध्यक्ष बनाने के लिए राय जाहिर की थी। दो महीने तक यहीं मशक्कत चलती रही। पाली शहर समेत कुछ अन्य मंडलों में नए चेहरों को संगठन की कमान सौंपना प्रस्तावित था, मगर विधायकों के चलते ऐसा संभव नहीं हो पाया। इसके बाद पंचायत चुनाव जाने के कारण सूची को अंतिम रूप नहीं दिया जा सका था। अब अध्यक्षों की घोषणा संभव हो पाई है।
इन नेताओं को मिली जिम्मेदारी
पालीशहर-रामकिशोर साबू, पाली ग्रामीण-उम्मेदसिंह डेंडा, रोहट-केसरसिंह परिहार, सुमेरपुर शहर-मांगीलाल सुथार, तखतगढ़- गणपत सोमपुरा, सोजत ग्रामीण-घीसूसिंह राजपुरोहित, रायपुर-लक्ष्मणसिंह, रानी शहर- हेमराज जैन, रानी ग्रामीण-किशोरसिंह राजपुरोहित, मारवाड़ जंक्शन-जीवनसिंह रावत, जैतारण शहर- धर्मीचंद घांची, जैतारण ग्रामीण-हीराराम देवासी, बर-लक्ष्मणसिंह रावत, बाली शहर-नरपत राजपुरोहित, बाली ग्रामीण-प्रतापसिंह भाटी, देसूरी-कुलदीपसिंह बड़ौद, सादड़ी- संजय बोहरा, फालना-रूपाराम सुथार, सुमेरपुर ग्रामीण-परबतसिंह कानपुरा तथा सोजत शहर में सोहनलाल भाटी को मनोनीत किया गया है।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्रीकिशन पालीवाल ने रायपुर उप प्रधान का टिकट नहीं मिलने पर क्षुब्ध होकर निर्दलीय चुनाव लड़ा था, मगर वे पराजित हो गए। इसी प्रकार मारवाड़ जंक्शन में भाजपा सदस्यता अभियान के प्रभारी बनाए गए जितेंद्र सोलंकी ने भी पंचायत समिति सदस्य बनने के लिए टिकट मांगा था। टिकट नहीं मिलने पर वे बागी हो गए। वे चुनाव जीतने में कामयाब भी रहे।