1500 जोड़ों ने दी गायत्री महायज्ञ में आहुति
अखिलविश्व गायत्री परिवार की ओर से पुराना हाउसिंग बोर्ड स्थित गायत्री शक्तिपीठ में आयोजित होने वाले 108 कुंडीय महायज्ञ मां गायत्री प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दूसरे दिन सोमवार को देव पूजन यज्ञ का आयोजन किया गया। देव पूजन यज्ञ के लिए शक्ति पीठ के पांडाल को विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सजाया गया। श्रद्धालुओं के अधिक से अधिक यज्ञ में भाग लेने के लिए गायत्री परिवार की ओर से विश्वामित्र, भारद्वाज, वशिष्ठ याज्ञवल्क्य नाम के चार प्रकोष्ठों का निर्माण किया गया। चारों प्रकोष्ठों में प्रवेश करने के लिए भी ऋग्वेद, यजुर्वेद, सामवेद, अथर्ववेद नाम के चार द्वारों का निर्माण किया गया है। गायत्री परिवार की ओर से आयोजित देव पूजन यज्ञ के लिए बनाए गए प्रकोष्ठों में 25- 25 कुंडों का निर्माण किया। साथ ही एक प्रकोष्ठ में 8 कुंडों का अलग से पांडाल बनाया गया। साथ ही श्रद्धालुओं के भोजन के लिए 42000 वर्ग फुट पर भोजन शाला का पांडाल बनाया गया।
3हजार श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद : गायत्रीशक्ति पीठ हाउसिंग बाेर्ड में आयोजित यज्ञ महोत्सव के दूसरे दिन शहर के 3 हजार श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इन श्रद्धालुओं के प्रसाद के लिए गायत्री शक्ति पीठ द्वारा 42 हजार वर्ग फिट पर प्रसाद पांडाल का निर्माण किया गया। पांडाल में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आए 3 हजार श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
आज होंगे यह कार्यक्रम
गायत्रीमहोत्सव को लेकर मंगलवार को सुबह 8.30 बजे संस्कार महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। जिसमें पुंसवन संस्कार, अन्नप्रशान संस्कार, नामकरण संस्कार, विद्या आंरभ संस्कार सहित कई संस्कार करवाए जाएंगें। साथ ही 6.30 बजे 5 हजार दीपकों से विशाल दीपयज्ञ का आयोजन किया जाएगा।
लाउड स्पीकरों से सराबोर हुआ शहर
गायत्रीपरिवार महोत्सव को लेकर शक्तिपीठ की ओर से शहर के कई क्षेत्रों में लाउड स्पीकर लगवाए गए हैं। यज्ञ के दौरान आचार्य विश्वप्रकाश त्रिपाठी द्वारा बोले गए एक एक मंत्रों से पूरा शहर भक्तिमय माहौल में बदल गया। लाउड स्पीकर द्वारा किसी कारणवश यज्ञ महोत्सव में भाग नहीं ले पाए ऐसे श्रद्धालुओं को भी महोत्सव का पूरा लाभ मिला।
कार्यक्रम में इनका रहा सहयोग
कार्यक्रमसंचालन में गायत्री शक्तिपीठ के अध्यक्ष बाबूलाल मंडाेरा, मुरलीधर गाैड़, अशोक दाधीच, जगदीश दुबे, राजकुमार कर्मचंदानी, राधाकिशन, राजकुमार बंजारा, गिरधारीसिंह नरूका, रमेश नागा, नरसिंग सोजत, रमेश बोहरा, गुलाबसिंह, सरदारसिंह, प्रहलाद शर्मा, आर्यवीर दल के अध्यक्ष महेश बागड़ी समेत कई लोगों का सहयोग रहा।
1 हजार 500 जोड़ों ने दी यज्ञ में आहुति
गायत्रीमहोत्सव के देव पूजन यज्ञ में 1 हजार 500 जोड़ो ने यज्ञ में विधि विधान से आहुतियां दी महोत्सव का यज्ञ आयोजन सुबह 8.30 बजे से शुरू हुआ जो कि 12.30 बजे तक चला। यज्ञ के दौरान गायत्री मंत्रों के जाप के साथ पांडाल के एक कुंड पर तीन जोड़ों ने आहुतियां दी। यज्ञ कार्यक्रम हरिद्वार शक्ति पीठ के आचार्य विश्व प्रकाश त्रिपाठी के सानिध्य में पूर्ण हुआ। चार घंटे की यज्ञ वेदी पर शहर के 1 हजार 500 यजमानों ने पीत वस्त्र धारण कर यज्ञ में आहुति दी। यज्ञ के दौरान यजमानों ने विश्व शांति सभी के कल्याण की कामना की।
कार्यक्रमके शुभारंभ से पहले किया सर्व भद्र पूजा
कार्यक्रमके दूसरे दिन देव पूजन यज्ञ के शुभारंभ से पहले यज्ञ पांडाल में 33 जोड़ों द्वारा सर्व भद्र पूजा करवाई गई। सर्व भद्र पूजा को लेकर गायत्री शक्ति पीठ हरिद्वार के आए विश्व प्रकाश त्रिपाठी, पूरण चंद्राकर, दिलवर यादव रविंद्र कुमार द्वारा यज्ञ शाला के चारो कोनों की पूजा कर चार तत्व वेदियों की पूजा कर 33 करोड़ देवी देवताओं का आह्वान कर पूजा अर्चना की गई। देव आह्वान के बाद विधि विधान से कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
पाली. अखिल विश्व गायत्री परिवार की ओर से पुराना हाउसिंग बोर्ड स्थित गायत्री शक्तिपीठ में आयोजित होने वाले 108 कुंडीय महायज्ञ में बैठे यजमान। फोटो| भास्कर