- Hindi News
- डायलाना कलां गांव की युवती जोधपुर में मिली, युवक गिरफ्तार
डायलाना कलां गांव की युवती जोधपुर में मिली, युवक गिरफ्तार
खिंवाड़ाथाना क्षेत्र के डायलाना कलां गांव की युवती को पुलिस ने रविवार देर रात जोधपुर में पकड़ लिया। इस दौरान युवती को भगाने का आरोपी युवक भी वहीं मिल गया, जिसे सोमवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने युवती को कोर्ट के आदेश पर परिजनों को सौंप दिया, जिसके बाद में कोर्ट में बयान कराए जाएंगे।
पुलिस के अनुसार डायलाना कलां गांव के एक व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि गत 4 सितंबर को उसकी बहन को गांव का मनोज सोनी पुत्र भंवरलाल बहला-फुसला कर भगा ले गया। पुलिस ने छानबीन की तो आरोपी पीड़िता को लेकर दक्षिण भारत की ओर चला गया, जो रविवार शाम ही जोधपुर पहुंचा था। इस सूचना के बाद खिंवाड़ा से गए पुलिस दल ने जोधपुर के सोजती गेट इलाके से युवती युवक को पकड़ लिया, जिन्हें लेकर देर रात पुलिस दल खिंवाड़ा थाने पहुंचा। सोमवार को पुलिस ने युवती को कोर्ट के आदेश पर परिजनों को सौंप दिया, जबकि आरोपी युवक को अपहरण के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। खिंवाड़ा एसएचओ बाघसिंह ने बताया कि पीड़िता के मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान कराए जाएंगे।