भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना की जानकारी देकर दिए निर्देश
भामाशाहस्वास्थ्य बीमा योजना की समीक्षा बैठक गुरुवार को बांगड़ चिकित्सालय स्थित जिला प्रशिक्षण केंद्र में चिकित्सा विभाग के जोधपुर जोन के संयुक्त निदेशक डाॅ. संजीव जैन की अध्यक्षता में हुई। सीएमएचओ डाॅ. एसएस शेखावत ने बताया कि बैठक के दौरान संयुक्त निदेशक डाॅ. संजीव जैन ने बांगड़ चिकित्सालय, राजकीय चिकित्सालय, सोजत एवं भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना में चयनित सभी 9 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों योजना में चिह्नित सभी निजी चिकित्सालयों के संचालकों को चिकित्सालय में भर्ती काउंटर एवं भामाशाह काउंटर एक ही कक्ष में रखने के निर्देश दिए। डाॅ. जैन ने योजना अंतर्गत चिह्नित सभी चिकित्सा संस्थानों को योजना का प्रचार प्रसार करने और योजना से संबंधित पोस्टर बैनर संस्था पर लगवाने और अस्पताल द्वारा चुने गए पैकेज की सूची चिकित्सालय के मुख्य स्थान पर हिंदी में प्रदर्शित करवाने के निर्देश दिए। बैठक में सीएमएचओ डाॅ. शेखावत ने बताया कि पाली जिले में अब तक एक हजार से अधिक लोगों को इस योजना में लाभान्वित किया जा चुका है। योजना की नियमित रूप से मॉनिटरिंग भी की जा रही है। बैठक में सोजत पीएमओ डाॅ. बीपी शर्मा, आरसीएचओ डाॅ. दीपक तंवर, जिला प्रशिक्षण केंद्र के प्रधानाचार्य केसी सैनी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक भवानी सिंह, एनयूएचएम प्रबंधक चंद्रसिंह शेखावत, बांगड़ चिकित्सालय के डाॅ. विपुल नागर, ओम हॉस्पिटल के प्रबंधक कल्पेश सांड, श्रद्धा हॉस्पिटल के लुंबाराम चौधरी, एएसजी आई हॉस्पिटल के प्रशासक रघुवीरसिंह उदावत, भगवान महावीर चिकित्सालय सुमेरपुर के नोडल अधिकारी सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के नोडल अधिकारी मौजूद थे।