शिक्षकों की समस्याओं के समाधान की मांग
बगड़ी नगर | प्रतिनियुक्तिआदेशों में रही विभिन्न समस्याओं को लेकर सोमवार को शिक्षकों का एक प्रतिनिधि मंडल ने सोजत बीईईओ से मिलकर समाधान की मांग की। राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय उपशाखा सोजत अध्यक्ष भंवरसिंह जैतावत के नेतृत्व में शिक्षकों का एक प्रतिनिधि मंडल सोजत बीईईओ नाहरसिंह राठौड़ से मिलकर शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं के निवारण के लिये वार्ता की। जिसमें शिक्षक, शिक्षा एवं शिक्षार्थियों के हितों का ध्यान रखते हुए संस्थाप्रधानों, बीएलओ कार्य में लगे अध्यापकों, दो वर्ष के भीतर सेवानिवृत होने वाले शिक्षकों, वहीं विभिन्न चार्ज संभालने वाले शिक्षकों को प्रतिनियुक्ति पर रिलीव नहीं किये जाने की मांग रखी।
वहीं शिक्षण व्यवस्था में प्रतिनियुक्ति आदेशों को शिक्षक संघ कार्यकारिणी से चर्चा कर क्रियान्वित करने के लिये कहा। इस पर बीईईओ सोजत ने फरवरी माह के अंत तक शिक्षकों की परिवेदनाओं पर गहनता से विचार विमर्श कर संशोधित प्रतिनियुक्ति आदेश जारी करने की बात कही। इस अवसर पर शिक्षक नेता करणसिंह राजपुरोहित, गजेन्द्रसिंह कुंपावत, रतनलाल अटपड़ा, शैतानराम चौधरी, गायडऱाम देवासी, रमेश भोलेचा, सुरेश जांगिड़ आदि मौजूद थे।
डॉ.राजावत को वकील मंडल ने दी श्रद्धांजलि
देसूरी. वकील मंडल देसूरी द्वारा मंगलवार को एक शोकसभा आयोजित की गई। जिसमें स्व. डॉ.सौभाग्यसिंह राजावत को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान न्यायिक मजिस्ट्रेट देवेंद्रसिंह पंवार, एसडीएम पर्वतसिंह चुंडावत, वकील मंडल अध्यक्ष श्रवणसिंह सोलंकी आदि मौजूद थे।