सोजतरोड रेलवे फाटक पर ट्रक से कुचलकर महिला की मौत
सोजतरोडकस्बे में फुलाद मार्ग पर रेलवे फाटक के पास मंगलवार दोपहर को ट्रक से कुचल कर एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में महिला के दोनों पुत्र भी घायल हो गए, जिनमें से बड़े पुत्र की हालत गंभीर होने पर जोधपुर रेफर किया गया है। तीनों मां-बेटे बाइक पर जाडन गांव से सेहवाज गांव की ओर जा रहे थे, जहां उन्होंने खेत में फसल की रखवाली का काम ले रखा है। घटनास्थल जीआरपी सीमा क्षेत्र में होने के कारण वहां मुकदमा दर्ज कर ट्रक को जब्त किया गया है। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के अनुसार जाडन गांव के कानाराम देवासी ने सेहवाज गांव में खेत में फसल रखवाली का काम ले रखा है, जिसके चलते वह परिवार समेत खेत में ही झोपड़ा बना कर रहता है। मंगलवार दोपहर को उसकी प|ी पप्पू देवी (40)अपने पुत्र छोटूराम (22) बालूराम (7) के साथ बाइक पर जाडन गांव से सेहवाज की तरफ जा रही थी। फुलाद मार्ग रेलवे फाटक के समीप स्पीड ब्रेकर गड्ढो के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई। इस दौरान बाइक पर बैठी पप्पू देवी नीचे गिर गई और उधर से गुजर रहे ट्रक के पिछले पहिए के नीचे गई। इससे पप्पू देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दोनों पुत्र बाइक समेत नीचे गिर गए। हादसे में घायल छोटूराम बालूराम को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से हालत गंभीर होने पर छोटूराम को जोधपुर रेफर कर दिया गया, जबकि बालूराम की हालत खतरे से बाहर है।
फाटकके पास क्षतिग्रस्त है सड़क, आए दिन होते है हादसे: फुलादमार्ग रेलवे फाटक के दोनों तरफ सड़क पूरी जीर्ण शीर्ण हो रखी हैं। इस जगह पर कुछ दूरी में सड़क पर दर्जनों गड्ढे हैं, जबकि कंकरीट उखड़ी हुई है। डामर तो इस दूरी पर दिखती ही नहीं। रेलवे की ओर से फाटक के दोनों ओर मनमर्जी के ऊबड़-खाबड़ स्पीड ब्रेकर बनाए गए है, जिसके कारण थोड़ी सी चूक से ही चालक वाहन को नियंत्रित नहीं कर पाता।
सड़क के हालात इतने बदतर हैं कि दुपहिया वाहन भी निकालना भी दूभर है। पूर्व सरपंच कुन्दन सिंह पंवार, शाबीर अली रंगरेज समेत इस मार्ग के व्यापारियों ने रेलवे से इस क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कराने को लेकर कई बार मांग की, लेकिन ऐसा नहीं होने से आए दिन हादसे हो रहे हैं।
सोजत रोड. महिला के शव को ले जाते परिजन।