गमगीन माहौल में किया कांग्रेस नेता रतन पंवार का अंतिम संस्कार
सोजत | जिलाकांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष तथा 2008 में सोजत विधानसभा से कांग्रेस के प्रत्याशी रहे रतन पंवार का मंगलवार सुबह गमगीन माहौल में सोजत में अंतिम संस्कार कर दिया गया। उनकी शवयात्रा में राजनीतिक पार्टियों से जुड़े जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, सरकारी अधिकारी-कर्मचारी मीडिया कर्मियों सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस नेता रतन पंवार अपने परिचित दिलीप टांक के साथ सोमवार रात पाली में नेमीचंद अखावत की शादी की 25वीं वर्षगांठ पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लेकर कार से सोजत लौट रहे थे। सोजत से चार किमी पहले ही दांतिया बालाजी के पास अनियंत्रित होकर कार पलटने पंवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चालक दिलीप घायल हो गया था। पंवार की शवयात्रा में पूर्व सांसद पाली बद्रीराम जाखड़, कांग्रेस नेत्री डॉ. संगीता आर्य, कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीज दर्द, पूर्व प्रधान राजेशसिंह कच्छवाह, नगर परिषद पाली के पूर्व चेयरमैन प्रदीप हिंगड़ समेत काफी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी प्रबुद्ध लोग शामिल थे।
सोजत नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष मोहनलाल टांक, पालिका उपाध्यक्ष जुगलकिशोर निकुम, शहर कांग्रेस अध्यक्ष गजेंद्र सोनी, प्रकाश सांखला, भाजपा महामंत्री कैलाश अखावत, पूर्व उपप्रमुख भीखाराम सीरवी समेत काफी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी प्रबुद्ध लोग शामिल थे।
इधर अंतिम संस्कार, उधर कांग्रेस की ब्लाक बैठक
जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष रतन पंवार के निधन का समाचार सुनकर मंगलवार सुबह जिलेभर से कांग्रेस नेताओं का जमावड़ा सोजत में रहा। इनमें से कुछ नेता तो शव यात्रा रवाना होने के कुछ देर बाद ही बीच रास्ते से निकल गए। पूर्व सांसद जाखड़, कांग्रेस नेत्री डॉ. आर्य, पूर्व चेयरमैन हिंगड़, मोहनलाल टांक समेत पाली सोजत से कुछ कांग्रेस नेता ही अंतिम संस्कार के दौरान पूरे समय मौजूद रहे, जबकि बाकी के नेता सोजत में जब कांग्रेस नेता का अंतिम संस्कार किया जा रहा था उस समय जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से ब्लाॅक स्तर पर आयोजित कमेटियाें की बैठक में व्यस्त थे। जिला कांग्रेस के उपाध्यक्ष मोहल हटेला का कहना था कि ब्लाक कांग्रेस कमेटी की बैठक का कार्यक्रम पूर्व निर्धारित था। बैठकों में दिवंगत रतन पंवार को शोक संवेदना व्यक्त की गई।