- Hindi News
- एटीएम से रुपए निकालने वाले गिरोह के चार दबोचे
एटीएम से रुपए निकालने वाले गिरोह के चार दबोचे
भास्कर न्यूज | सुजानगढ़/सांडवा
कातरमें ग्रामीण के एटीएम कार्ड से रुपए निकाल रहे चार युवकों को पकड़कर ग्रामीणों ने पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी शातिर अपराधी निकले।
सांडवा के एसएचओ राणीदान के अनुसार कातर में मूलाराम पुत्र पोकरराम जाट निवासी सोनियासर बुधवार को एटीएम से रुपए निकलवाने आया था।
एटीएम में पहले से चार युवक थे। इन्होंने उसके एटीएम के नंबर पासवर्ड देखकर उसके खाते में से 20 हजार रुपए निकाल लिए। इस बात की जानकारी वहां ग्रामीणों को उसी समय हो गई। ग्रामीणों ने चारों युवकों को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने भोलाराम पुत्र सतपाल बावरी, विजेंद्र बावरी, संजय बावरी जितेंद्र निवासी धोबोत (हरियाणा) को गिरफ्तार कर गुरुवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजने के आदेश दिए गए।
गिरफ्तार युवकों ने पुलिस पूछताछ में कई क्षेत्रों में इस प्रकार की वारदात करना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि वे लोग एटीएम के आसपास खड़े रहते हैं तथा कोई ग्राहक एटीएम कार्ड के पासवर्ड डालकर रुपए निकलवाने के लिए रकम भरता है, तो ये लोग पीछे से खड़े एंटर दबा देते हैं, जिसके कारण रकम नहीं निकलती है तथा पासवर्ड वही रहता है। फिर ये ग्राहक को पीछे आने का कहकर स्वयं आगे जाकर अपना एटीएम कार्ड डालते तथा पहले वाले ग्राहक के खाते से रुपए निकलवा लेते हैं। चारों लोग एक साथ रहते हैं। दो एटीएम के अंदर चले जाते और दो बाइक पर बाहर खड़े रहते हैं। एटीएम के अंदर एक व्यक्ति वहां आने वाले ग्राहकों को बातों में उलझाए रखता है। उसके बाद वे रुपए निकलवाकर बाइक से फरार हो जाते।
ये अक्सर एटीएम की कम जानकारी रखने वाले को फंसाते है। कई बार वे पीछे खड़े रहते हैं और रुपए नहीं निकलने पर उसकी मदद करने का कहते हैं तथा उसका कार्ड लेकर बदल देते हैं। आरोपियों ने बीकानेर में कोठारी हॉस्पिटल के पास, सूरतगढ़ में बस स्टैंड के सामने तथा देशनोक में करणीमाता मंदिर के पास वारदात करना स्वीकार किया।
धोखा देकर एटीएम से रुपए निकालने वाले शातिर।