पाली. नगरीय निकाय चुनाव के भाजपा जिला प्रभारी विधायक मोहनलाल गुप्ता ने शनिवार को पाली में निकाय चुनाव में भाजपा की तैयारियों का शंखनाद कर दिया है। उन्होंने पाली सुमेरपुर के प्रमुख पदाधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों के साथ करीब दो घंटे तक शहरी सरकार में भाजपा का परचम फहराने के लिए विस्तृत रूप से चर्चा की।
उन्होंने कहा कि पाली में पार्षद के 50 टिकट हैं और दावेदार 500 हैं। यही स्थित सुमेरपुर की है। कार्यकर्ता इसके लिए प्रयास करें लेकिन पार्टी जिसे भी जिम्मेदारी सौंपे, सबको साथ मिलकर चुनाव लड़ना है। मुख्य टारगेट पाली में दस साल बाद नगर परिषद में हमारा बोर्ड बनाना है तो सुमेरपुर में रिपीट करना है। इसके लिए हर कार्यकर्ता को जी-जान से जुटना होगा।
यहां सिखवाल भवन में हुई बैठक में गुप्ता ने साफ किया कि पार्टी टिकट जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए साफ छवि के कार्यकर्ता को ही दिया जाएगा। इसके लिए प्रदेश स्तर पर भी सर्वे कराया जा रहा है। गुप्ता ने पहले आम लोगों की बैठक ली। इसके बाद बंद कमरे में उन्होंने प्रमुख पदाधिकारियों जनप्रतिनिधियों के साथ निकाय चुनाव को लेकर चर्चा की। गुप्ता ने कहा कि दस साल से पाली में भाजपा का बोर्ड नहीं बन पाया, यह हर कार्यकर्ता के लिए चिंता की बात है। इसके लिए जनता का विश्वास जीतना जरूरी है।
इसके लिए शहर के प्रत्येक घर तक भाजपा की पहुंच बनाने ही रणनीति काे अंजाम देना होगा। यह संगठन की एकता से ही संभव है। उन्होंने कहा कि केंद्र राज्य सरकार की योजनाओं के बारे में आमजन को अवगत कराने के अलावा उनको संगठन की मुख्य धारा से जोड़ने का प्रयास भी करना होगा।
भाजपा को संख्याबल के आधार पर चुनाव को केंद्रित करने के बजाए सभी वार्ड में क्लीनस्वीप के सूत्र को आधार मानकर कार्य करना होगा, तभी शहर में दस साल के कांग्रेस बोर्ड का अंत हो पाएगा। बैठक को भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष महेंद्र बोहरा, जिलाध्यक्ष सुमेरपुर विधायक मदन राठौड़, पाली विधायक ज्ञानचंद पारख, सुमेरपुर पालिका चेयरमैन सुभाष अग्रवाल, पाली के नेता प्रतिपक्ष राकेश भाटी, शहर अध्यक्ष रामकिशोर साबू, महामंत्री त्रिलोक चौधरी, राधेश्याम चौहान, मूलसिंह भाटी, शिवप्रकाश प्रजापत समेत कई पदाधिकारियों ने संबोधित किया।