पाली. दूदली गांव में रविवार को वार्ड संख्या 8 में निर्मल भारत अभियान के तहत बैठक का आयोजन किया गया। बैठक के दौरान जिले में निर्मल भारत अभियान के तहत चल रहे फूटरो पाली योजना में गांवों में स्वच्छता लाने पर चर्चा की गई।
सरपंच हीरी देवी ने ग्राम पंचायत की नई आबादी दूदली गांव में सभी घरों में शौचालय निर्माण करवाने की बात की। ग्रामीणों ने गांव को स्वच्छ बनाने की दिशा में हर घर में शौचालय निर्माण करवाने का संकल्प लिया।
गांव के मुख्य मार्गों गलियों में श्रमदान कर सफाई कार्य करने का संकल्प भी लिया। वार्ड संख्या 8 के मुख्य मार्गों पर ग्रामीणों ने झाडू लगाकर सफाई कार्य का शुभारंभ किया। सरपंच ने बताया कि नई आबादी दूदली में आगामी 30 अक्टूबर तक सभी घरों में शौचालयों का निर्माण ग्रामीणों के सहयोग से करवा दिया जाएगा। इस अवसर पर वार्डपंच धापू देवी पटेल, समाजसेवी जगदीश पटेल,हीराराम पटेल,वजाराम,हरिराम,मगनाराम आदि मौजूद थे।
सुमेरपुर. स्वच्छभारत अभियान को लेकर नगर पालिका द्वारा वार्ड संख्या 10,11 12 में जाखा नगर एवं अणगौर की मुख्य एवं छोटी सड़क पर सफाई कार्य किया गया। नाला-नालियों से मलबा निकालकर ट्रैक्टरों से यार्ड में भिजवाया गया।
अधिशासी अधिकारी इंद्रसिंह राठौड़ ने बताया कि वार्डों में फिनाइल, पाउडर नालों नालियों पर डलवाया गया। उन्होंने बताया कि रूप बाग एवं लक्ष्मीबाई गार्डन में साफ एवं मेहंदी की कटिंग कर पेड़-पौधों को पानी पिलाया गया। राठौड़ ने बताया कि सोमवार को वार्ड संख्या 13,14 15 में सफाई अभियान रहेगा।
आऊवा. निकटवर्ती केराड़ी के राजकीय माध्यमिक विद्यालय में स्वच्छता अभियान के तहत विद्यालय परिसर में संस्था प्रधान भंवरलाल बालवंशी ने स्वयं सफाई कर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान सभी विद्यार्थियों स्टाफ ने विद्यालय परिसर में सफाई की। इस दौरान बसंत कुमार जोशी, वरिष्ठ अध्यापक रूपाराम प्रजापत, पूनाराम चौधरी, प्रमोदसिंह, गणपतलाल, शारीरिक शिक्षक नरेंद्रकुमार आदि मौजूद थे।
बाली. निकटवर्ती श्री सेला गांव में स्वच्छ भारत अभियान के तहत नेहरू युवा मंडल के अध्यक्ष सखाराम देवासी के सानिध्य में रविवार को युवाओं ने श्रमदान किया। देवासी ने बताया की संपूर्ण भारत में स्वच्छ भारत अभियान चलाया जा रहा है।