पाली. न्याय की पूरी व्यवस्था में सबको सरल, सही समानता का न्याय मिले यही कोशिश सभी न्यायाधिकारी करें। राजस्थान उच्च न्यायालय की निरीक्षण न्यायधिपति बेला एम त्रिवेदी शनिवार को जाखोड़ा रोड़ स्थित सुमेरपुर न्यायालय भवन, आवसीय भवन एवं अधिवक्ता चैम्बर्स के शिलान्यास कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि संबोधन दे रही थी।
न्यायधिपति त्रिवेदी ने शिवगंज की आर्य समाज की बालिकाओं द्वारा दीप वंदना की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने मेरे बचपन की याद दिला दी। जब मेरे पिता कोई कार्यक्रम में जाते थे तो हम भी ऐसे ही गीत गाते थे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही जिला एवं सैशन न्यायाधीश पाली प्रभा शर्मा ने नए न्यायालय परिसर की सुविधाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। वहीं अपर जिला एवं सेशन न्यायधीश झूमरलाल चौहान ने आगंतुकों का आभार जताते हुए 9 करोड़ 33 लाख 40 हजार की लागत से बनने वाले नए न्यायालय भवन, आवसीय भवन एवं अधिवक्ता चैम्बर्स में सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डेढ़ वर्ष पूर्व राज्य सरकार ने जाखोड़ा मार्ग पर 1.76 हैक्टेयर भूमि का आवंटन किया था। अब नए न्यायालय भवन का निर्माण जल्द शुरू हो जाएगा।
कार्यक्रम में वकील मंडल अध्यक्ष देवीसिंह जाखोड़ा ने कहा कि सुविधाएं नहीं होने के कारण वकीलों के साथ फरियादियों को काफी परेशानी हो रही थी। जाखोड़ा ने न्यायाधिपति से अपील करते हुए कहा कि जिला कलेक्टर पाली ने नगर पालिका विश्राम गृह भवन का आवंटन महिला न्यायालय की स्थापना के लिए पत्रावली राजस्थान उच्च न्यायालय में विचाराधीन है।
आपसुमेरपुर में महिला उत्पीड़न न्यायालय की स्थापना कराएं, जिससे महिलाओं को सस्ता, सुलभ एवं त्वरित न्याय मिल सके। इस मौके पर एसीजेएम मीना अवस्थी, पूर्व वकील मंडल अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण गहलोत, एसडीएम महिपाल भारद्वाज, तहसीलदार विमलेंद्रसिंह राणावत, डीवाईएसपी अमरसिंह चम्पावत, थानाधिकारी अचलदान, पीडब्ल्यूडी के एईएन किस्तुरचंद सुथार, अधिशाषी अधिकारी इंद्रसिंह राठौड़ सहित कई विभागीय अधिकारी मौजूद थे।