पाली. विधायक मदन राठौड़ ने सोमवार देर शाम को मिनी दमकल वाहन मगीबाई बालिका विद्यालय तखतगढ़ में कक्षाकक्षों का लोकार्पण किया। यहां निर्धारित समय से 2 घंटे देरी से विधायक राठौड़ पहुंचे।
मिनी दमकल वाहन के लोकार्पण समारोह को जब विधायक संबोधित कर रहे थे, तब बीच में ही कुछ लोगों ने बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान नहीं होने का मुद्दा उठा दिया और मंच तक पहुंच गए। इससे विधायक लोगों में कुछ समय तक तकरार हुई।
सार्वजनिक टैंक के पास पालिका की ओर से सोमवार शाम को मिनी दमकल वाहन का लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया।
इस कार्यक्रम में विधायक राठौड़ ने पालिका क्षेत्र में जवाई बांध का मीठा पानी उपलब्ध करवाने समेत अन्य नगरीय विकास योजनाओं की जानकारी दी। संबोधित करने के दौरान कुछ लोग बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान नहीं होने को लेकर मंच तक पहुंच गए, जिससे विधायक कुछ लोगों के बीच तकरार से मामला गरमा गया। लोगों ने विधायक के समक्ष डिस्कॉम की समस्याओं के लिए अधिकारियों को लेकर स्थायी एईएन कार्यालय शुरू करवाने की मांग की। कार्यक्रम के बीच में व्यवधान से विधायक नाराज हो गए और कहा कि एक दिन में कोई एईएन कार्यालय नहीं खोला जा सकता है।
सात मिनट तक विधायक लोग बहस करते रहे, लेकिन किसी कार्यकर्ता ने मामला शांत नहीं करवाया। मंच पर बैठे स्थानीय भाजपा पदाधिकारियों ने लोगों को रोका। इसके बाद विधायक ने अपना संबोधन खत्म कर चले गए। कार्यक्रम में पालिका अध्यक्ष जोराराम कुमावत, पूर्व पालिकाध्यक्ष अंबादेवी रावल, पालिका उपाध्यक्ष प्रकाश सोलंकी, करणसिंह नेतरा सहित भाजपा नेता मौजूद थे।
नहीं बजा मिनी दमकल का सायरन
विधायक राठौड़ ने मिनी दमकल का लोकार्पण किया। इसके बाद जैसे ही वाहन स्टार्ट किया तो तो इसका सायरन बजा और ही लाइट जली। विधायक ने बड़ा दमकल वाहन उपलब्ध करवाने का जिक्र किया और शीघ्र ही नया बड़ा दमकल वाहन पालिका में उपलब्ध करवाने की बात कही।
विधायक ने झाडू पकड़ा, लगाया नहीं
दमकल वाहन के लोकापर्ण समारोह में विधायक से लोगों के उलझने से विधायक खासे नाराज हुए। आनन-फानन में पालिका प्रशासन ने स्वच्छता अभियान के तहत झाडू लगाने का कार्यक्रम रखा। इस दौरान विधायक मंच के पास पालिका सफाई कर्मचारियों के बीच पहुंचे और हाथ में झाडू थाम लिया, लेकिन झाडू लगाया नहीं।