झुंझुनूं/सूरजगढ़। सूरजगढ़ क्षेत्र की जनता ने नौ महीने में तीसरी बार शनिवार को फिर मतदान किया। जनता ने ईवीएम पर अपनी मर्जी का बटन दबा दिया है। 16 सितंबर को जिला मुख्यालय पर होने वाली मतगणना में नए विधायक का फैसला होगा। शाम तक सेठ मोतीलाल कॉलेज में बनाए स्ट्रांग रूम में ईवीएम जमा की जा चुकी थीं।
इस बार सूरजगढ़ उपचुनाव में एक दिसंबर को हुए विधानसभा चुनाव के मतदान के मुकाबले 5.20 प्रतिशत कम वोट डले हैं। पिछली बार 75.43 प्रतिशत मतदान हुआ था जो उपचुनाव में 70.23 प्रतिशत रह गया। भाजपा एवं कांग्रेस के लिए प्रतिष्ठा की सीट होने के कारण मतदाताओं को घर से मतदान केंद्र तक लाने की जद्दोजहद रही। आलम यह था कि मतदाताओं को लग्जरी वाहनों से लाया जा रहा था। बड़े नेता बूथों के बाहर मॉनीटरिंग कर रहे थे।
मतदाताओं को वाहनों में केंद्र तक बेरोक टोक लाया गया।
संवेदनशील बूथों के गेट तक भी मतदाताओं से भरे वाहन पहुंचे। मतदान केंद्रों पर अपेक्षाकृत भीड़ नजर नहीं आई। कुलोठ खुर्द में कुछ बच्चे परिजनों के साथ राजनीतिक दल की झंडी लिए पहुंचे थे। बुहाना के सीनियर सैकंडरी स्कूल के मतदान केंद्र के बाहर पानी भरा होने से मतदान में परेशानी हुई। इधर, सांसद संतोष अहलावत ने सरस्वती स्कूल सूरजगढ़ के मतदान केंद्र पर वोट डाला। निर्दलीय प्रत्याशी नीता यादव ने सोहली में मतदान किया।
सूरजगढ़ उपचुनाव
सुबह 9 बजे 14.94 प्रतिशत
सुबह 11 बजे 30.19 प्रतिशत
दोपहर एक बजे 42.52 प्रतिशत
दोपहर तीन बजे 55.58 प्रतिशत
शाम पांच बजे 66.23 फीसदी
शाम छह बजे तक 70.23 प्रतिशत
पर्यवेक्षक ने दो एजेंटों को बाहर किया
बुहाना. केंद्रीय पर्यवेक्षक एके गुप्ता ने कई बूथों का निरीक्षण किया। चमेली देवी राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय के बूथ 150 पर राजनीतिक दलों के दो-दो एजेंट बैठे थे। इस पर नाराजगी जताते हुए पोलिंग पार्टी को एक-एक एजेंट को बैठाने को कहा। मतदान केंद्र से दो सौ मीटर के अंदर खड़े वाहनों भीड़ को दूर करने के पुलिस जवानों निर्देश भी दिए।
भिर्र के स्कूल में वोट डालने बैशाखी के सहारे जाती महिला।
अधिकारियों का कहना है
''70.23फीसदी मतदान हुआ है। चुनाव शांतिपूर्ण हुए है। कहीं से गड़बड़ी की कोई शिकायत नहीं मिली है। '' सुरेंद्र माहेश्वरी, एडीएमएवं सहायक निर्वाचन अधिकारी।
''चुनाव शांतिपूर्ण रहा है। हुक्मा की ढाणी के बूथ पर महिला की ओर से एक से अधिक वोट डालने की मुझे कोई जानकारी नहीं है। ही किसी प्रकार की शिकायत आई है। - कमरूद्दीन,रिटर्निगअधिकारी बुहाना।
बूथ तक पहुंचने में परेशानी : बुहाना. कस्बे के राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल के सामने जमा बरसाती पानी के कारण मतदाताओं को पहुंचने में परेशानी हुई। यहां लोगों को मतदान केंद्र में जाने का रास्ता नहीं होने के कारण प्रशासन ने स्कूल के मुख्य गेट पर मिट्टी डलवा दी थी, लेकिन उसे बिछाई नहीं गई। जिससे समस्या ज्यों की त्यों बनी रही।
डॉ. दिगंबर सिंह भाजपा
श्रवण कुमार कांग्रेस
रामचंद्र कुल्हरि भाकपा माले
उर्मिला मेघवाल मेघदेशम पार्टी
नीता यादव निर्दलीय
सुभाष खादंवा निर्दलीय
सुरेंद्र निर्दलीय
ईश्वर सिंह निर्दलीय
अनिता निर्दलीय
झलकियां
- शारीरिक अक्षमता के बावजूद बुजुर्ग एवं अपाहिजों ने भी मताधिकार का उपयोग किया। पैर से अपाहिज कासनी निवासी रामसिंह ट्राईसाइकिल से मतदान करने कासनी पहुंचा।
- धायलों का बास निवासी नब्बे वर्षीय मनकोरी भावठड़ी मतदान केंद्र पर बेटे मोहरसिंह के साथ वोट डालने आई।
- बुहाना के चमेलीदेवी बाउमावि बूथ पर 85 साल की फूलवती ने बेटे बहादुरसिंह के साथ आकर वोट डाला।
- बुहाना बांकेरायका स्कूल मतदान केंद्र पर बुजुर्ग दंपती जगदीशप्रसाद दायमा ने पत्नी श्योबाई के साथ आकर मतदान किया। इसी केंद्र पर 85 वर्षीय द्रोपदी देवी भी पौते अरविंद के साथ पैदल वोट देने आई।
- कलाखरी की 100 वर्षीय बुजुर्ग महिला चांदादेवी पत्नी सांवलराम यादव भी मताधिकार के प्रति जागरुक है। उन्होंने कहा कि क्या पता अगले चुनाव तक जी पांऊ या नहीं, वोट जरूर डालूंगी।
- मतदान बूथ के 200 मीटर की दूरी तक किसी भी तरह की कोई चुनावी सामग्री रखने की हिदायत का क्षेत्र में पालन नहीं हुआ।
- समर्थक केवल बूथों के आसपास रहे बल्कि गाड़ियों में मतदाताओं को बैठाकर केंद्र के मुख्य गेट तक लाया गया था। ईवीएम तक जाकर भी पार्टी कार्यकर्ताओं ने वोट डालने की अपील की।
- सांसद संतोष अहलावत की ससुराल मनोहरपुरा में मतदान के दौरान शाम को कुछ देर तनाव हो गया। किसी एजेंट ने फर्जी वोट डालने आए युवक को रोक लिया। इस पर कहासुनी हो गई। एजेंट ने अपने प्रत्याशी को मौके पर बुला लिया।