- Hindi News
- शहर रहा सूखा, ग्रामीण क्षेत्रों में बरसे बादल
शहर रहा सूखा, ग्रामीण क्षेत्रों में बरसे बादल
रविवारकोश्रीगंगानगर हनुमानगढ़ जिलें में कई जगह अच्छी बरसात हुई। श्रीगंगानगर शहर सूखा रहा। दोपहर तक गर्मी ने लोगों का पसीना छुड़ाया। बाहरी इलाकों में हुई बरसात के प्रभाव से शाम के समय ठंडी हवाएं चलीं और इससे मौसम सुहावना बन गया।
मौसम विभाग ने श्रीगंगानगर शहर में अधिकतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस इजाफे के साथ 37.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 1.9 डिग्री सेल्सियस इजाफे के साथ 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। हवा में नमी सुबह 80 प्रतिशत और शाम को 70 प्रतिशत थी। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में आसमान में बादलवाही रहने की संभावना है।
रविवार सुबह के समय तेज धूप रही। हवाएं थमी होने की वजह से उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। दोपहर में हल्की बादलवाही हुई और नाममात्र बूंदाबांदी हुई। शहर के बाहर सूरतगढ़, बीरमाना, सादुलशहर और हनुमानगढ़ जिले के नोहर रावतसर में अच्छी बरसात हुई। इससे वातावरण में नमी बढ़ने और हवाएं चलने से मौसम सुहावना हो गया। लोगों को गर्मी से राहत मिली।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी हवाएं चलने की वजह से जिले के कुछ हिस्सों में बरसात हुई है। इससे अगले दिनों में भी बरसात हो सकती है। शनिवार को अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.3 डिग्री सेल्सियस था।