- Hindi News
- रुपए की बात पर मरीज पलटा, बोला नहीं दिए रुपए
रुपए की बात पर मरीज पलटा, बोला- नहीं दिए रुपए
नगर संवाददाता| श्रीगंगानगर.
जिलाअस्पताल में गार्ड पर मेडिको लीगल रिपोर्ट मजबूत बनाने का झांसा देकर 8 हजार रुपए वसूलने का आरोप लगाने वाला मरीज शुक्रवार को अपने आरोपों से पलट गया। डिप्टी कंट्रोलर की पूछताछ में उसने रुपए देने की बात से इनकार किया। अस्पताल प्रशासन की ओर से केस दर्ज कराने की बात पर उसने लिखित हलफनामा भी दिया, जिसमें गार्ड पर लगाए आरोपों को झूठा बताया गया।
बीती 22 सितंबर को जिला अस्पताल में प्रमुख चिकित्सा अधिकारी को सूरतगढ़ के 26 एलजीजी घमंडिया गांव निवासी भंवरलाल की लिखित शिकायत मिली थी। शिकायत में अस्पताल के एक गार्ड पर आरोप लगाया था कि झगड़े में घायल होने के बाद अस्पताल में भर्ती होने के दौरान गार्ड ने डॉक्टर से सांठगांठ कर मजबूत मेडिको लीगल केस बनवाने की बात कही। इसके बदले में उसने 8 हजार रुपए लिए थे। शिकायत के बाद पीएमओ ने जांच डिप्टी कंट्रोलर डॉ. प्रेम बजाज को दी थी।
डॉ. प्रेम के मुताबिक भंवरलाल ने यही पत्र कलेक्ट्रेट में दिया था। रुपए देने की बात ऑर्थो वार्ड में नर्सिंग स्टाफ और मरीजों से पूछताछ की, जहां एेसी कोई बात सामने नहीं आई। गार्ड ने भी रुपए लेने की बात से इनकार किया।
इसके बाद भंवरलाल को अस्पताल में पूछताछ के लिए बुलाया गया, सख्ती से पूछताछ और केस दर्ज कराने की बात पर वह रुपए देने की बात से पलट गया। शिकायत की बात पर उसने बताया कि गांव में पुराने झगड़े में गार्ड ने उसे नीचा दिखाया था। इस पर अस्पताल में रिश्तेदारों और साथियों के बहकावे में उसने गार्ड पर रुपए लेने की शिकायत की थी। बकौल डीसी भंवरलाल ने इस संबंध में एक हलफनामा भी दिया, जिसमें उसने गार्ड को रुपए देने की बात से इनकार किया।