श्रीगंगानगर/ सूरतगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्रमोदी का 19 फरवरी को श्रीगंगानगर दौरा करीब-करीब फाइनल हो चुका है। प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी 19 फरवरी की दोपहर सूरतगढ़ के राजीव गांधी स्टेडियम में जनसभा को संबोधित करेंगे, साथ ही वहां स्वायल हेल्थ कार्ड का भी शुभारंभ करेंगे।
हालांकि केंद्र सरकार ने इस बारे में प्रशासन को कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है, लेकिन केंद्रीय अधिकारियों से मिले संकेतों के बाद प्रशासन ने सूरतगढ़ को सजाने-संवारने का काम शुरू कर दिया है।
सूत्राें के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विशेष विमान 19 फरवरी को एयर फोर्स की हवाई पट्टी पर उतरेगा। वहां से वे हेलीकाप्टर के जरिए राजकीय महाविद्यालय के स्टेडियम में पहुंचेंगे। इसके लिए वहां हेलीपेड बनाने का काम शुरू हो गया है। प्रधानमंत्री उसी के समीप राजीव गांधी स्टेडियम में जनसभा को संबोधित करेंगे।
प्रशासन ने कालेज परिसर सभास्थल पर 24 घंटे आरएसी का हथियारबंद जाब्ता तैनात कर दिया है। सीआईडी की टीम ने सोमवार को जनसभा स्थल का निरीक्षण किया। पीडब्ल्यूडी ने सूरतगढ़ में माणकसर चौराहे से लेकर इंदिरा सर्किल हाइवे की मरम्मत शुरू कर दी है। इंदिरा सर्किल का सौंदर्यीकरण भी किया जा रहा है। पुलिस ने पार्किंग के लिए जगहों को चिन्हित करना शुरू कर दिया है।
जनसभा की तैयारियां देखने आज आएंगे दो मंत्री, जल्द ही सीएम भी आएंगी
प्रधानमंत्री की जनसभा की तैयारियों का जायजा लेने राज्य के चिकित्सा मंत्री राजेंद्र राठौड़ कृषि मंत्री प्रभूलाल सैनी मंगलवार को सूरतगढ़ पहुंच रहे हैं। यहां वे प्रशासनिक पुलिस अधिकारियों के साथ जनसभा स्थल पर लगने वाले मंच शामियाने आदि को देखेंगे, साथ ही सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लेंगे। बताया जा रहा है कि मोदी के दौरे का जायजा लेने सीएम वसुंधरा राजे भी श्रीगंगानगर का दौरा कर सकती हैं।
श्रीगंगानगर-सूरतगढ़ के होटलों की जुटाई जानकारी
सूरतगढ़। प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे के साथ ही प्रशासन ने श्रीगंगानगर सूरतगढ़ के होटलाें की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। कारण यह है कि प्रधानमंत्री के साथ काफी स्टॉफ कई दिन पहले ही श्रीगंगानगर पहुंच जाएगा।
इसके अलावा प्रधानमंत्री के साथ कई केंद्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री राज्यमंत्री भी आएंगे। सो इनके लिए अतिरिक्त कमरों की व्यवस्था करनी होगी। इसलिए प्रशासन ने होटलों में कमरों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। इसके तहत सभी होटलों में कमरों की संख्या तथा उनकी हालत का पता किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री मंत्रियों के प्रस्तावित दौरों के चलते प्रशासन अब जून 2014 में सरकार आपके द्वार के दौरान अाई शिकायतों के निस्तारण में जुट गया है। खासकर उन शिकायतों काे खंगाला जा रहा है, जिन पर मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कार्रवाई के आदेश दिए थे, लेकिन वो शिकायतें अब तक हल नहीं हुई।
इसी के तहत लालगढ़ सड़क, चौराहे का सौंदर्यीकरण, खेल मैदान तथा शिक्षा से जुड़ी कई शिकायतों के निस्तारण के लिए प्रशासन ने सोमवार शाम सभी संबंधित अधिकारियों को बुलाकर उनसे जानकारी ली। सभी से जवाब तलब किया गया कि आखिर उनका हल अब तक क्यों नहीं हुआ।