- Hindi News
- नहीं चली टीटी निहाल की, सीएम की पसंद पर प्रियंका बनी प्रमुख
नहीं चली टीटी-निहाल की, सीएम की पसंद पर प्रियंका बनी प्रमुख
श्रीगंगानगर. जिलाप्रमुख पद की टिकट के लिए अंतिम समय प्रियंका श्योराण ने बाजी मार ली। शनिवार सुबह पर्चा दाखिल करने से कुछ ही घंटे पहले मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने प्रियंका के नाम पर मोहर लगाई। इससे पहले कुछ जाट भाजपा नेताओं ने भी इसके लिए प्रदेश समिति पर दबाव बनाया। राज्यमंत्री सुरेंद्रपाल सिंह टीटी श्रीकरणपुर क्षेत्र और निहालचंद रायसिंहनगर क्षेत्र से निर्वाचित जिला परिषद सदस्य को जिला प्रमुख का प्रत्याशी बनाना चाहते थे। शुक्रवार रात पार्टी की विक्रमादित्य होटल में हुई कई दौर की बैठक में एक नाम पर सहमति नहीं बन पाई।
रायसिंहनगर क्षेत्र में जिला परिषद के जोन 4 से सदस्य बनी अमरपाल कौर के नाम पर राज्यमंत्री सुरेंद्रपाल सिंह टीटी सहमत नहीं थे। टीटी श्रीकरणपुर क्षेत्र की रमनदीप कौर या कुलदीप कौर में से किसी एक को प्रत्याशी बनाना चाहते थे। अनूपगढ़, सूरतगढ़ क्षेत्र के विधायक और चुनाव संचालन समिति के कुछ सदस्य भी इन तीनों नामों से सहमत नहीं थे। सूत्रों के अनुसार सूरतगढ़ विधायक राजेंद्र भादू पूर्व विधायक रामप्रताप कासनिया ने प्रियंका को प्रत्याशी बनाने के लिए दबाव बनाया। बीच का रास्ता निकलने से केंद्रीय राज्य मंत्री निहालचंद राज्यमंत्री सुरेंद्रपाल सिंह टीटी सहित चुनाव संचालन समिति के अन्य पदाधिकारी सदस्य भी सहमत थे। शनिवार सुबह भाजपा प्रदेश समिति ने मामले पर गहनता से मंथन किया सीएम ने भितरघात रोकने के लिए प्रियंका को प्रत्याशी घोषित कर दिया।