गोशाला प्रबंधक ने पेश नहीं किए कागजात
देखरेख करने वाला गोतस्करी का आरोपी
पुलिसजब गोशाला जांच के लिए पहुंची तो वहां देखभाल करने वाला मदर हुसैन मिला। मदर हुसैन पर मार्च 97 में कोटकासिम थाने में गोतस्करी का मामला दर्ज है। इसके अलावा भी इसके ऊपर कई मामले चल रहे हैं
भास्कर न्यूज|टपूकड़ा
गोशालाकी आड़ में गायों की तस्करी मामले में गोशाला प्रबंधक अभी तक अपने कागज लेकर थाने नहीं पहुंचे। टपूकड़ा थानेदार ने प्रबंधक से जल्दी से जल्दी आने को कहा जिससे जांच आगे बढ़ाई जा सके। शुक्रवार रात टपूकड़ा पुलिस ने गश्त के दौरान गांधी चौक पर एक पिकअप को रोक जांच की तो उसमें तीन बछड़े भरे हुए थे। पुलिस ने गाड़ी में सवार रामसिंह पुत्र सुल्तान मेघवाल निवासी निंबाहेड़ी थाना टपूकड़ा, योगेश पुत्र रामफल मेघवाल बुवकाहेड़ा थाना टपूकड़ा से पूछताछ की तो दोनों ने बछड़ों को मिलकपुर तुर्क स्थित गोशाला में ले जाना बताया। पुलिस ने शक होने पर सख्ती से पूछताछ की तो दोनों ने गाय गोकशी के लिए हरियाणा ले जाना बताया। पकड़ी गई गाड़ी पर मिलकपुर तुर्क स्थित गोशाला का नाम लिखा हुआ था। पुलिस ने जब्त बछड़ों को बूढ़ीबावल गोशाला भेजा मिलकपुर तुर्क गोशाला जाकर जांच की तो मौके पर कोई कागज नहीं मिले। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए प्रबंधक को आने को कहा लेकिन रविवार शाम तक गोशाला की तरफ से कोई नही आया। पुलिस यह भी जानने की कौशिश कर रही है कि पुलिस द्वारा पूर्व में सुपुर्द किए गए गोवंश को कहां रखा गया।