पुलिस पर फायरिंग, गोतस्कर फरार
खुशखेड़ारोड पर गुरुवार तड़के पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान गायों से भरी टाटा 407 को रोकने की कोशिश की तो गोतस्करों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई से घबराकर गोतस्कर गायों से भरी टाटा 407 गाड़ी छोड़ अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने टाटा 407 गाड़ी जब्त कर उसमें भरी 8 गायों को मुक्त करा बूढ़ीबावल गोशाला के सुपुर्द कर दिया। खुशखेड़ा थानेदार महेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि खुशखेड़ा रोड पर होंडा कंपनी के पास नाकाबंदी के दौरान रात करीब पौने चार बजे बूढ़ीबावल की तरफ से आती एक गाड़ी को जांच के लिए रुकने का इशारा किया तो गाड़ी में सवार लोगों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई कर 2 राउंड हवाई फायर किया जिससे घबरा कर गाड़ी में सवार लोग गाड़ी छोड़ बाजरे के खेत में छिपते हुए भागने में कामयाब रहे। पुलिस ने गाड़ी जब्त कर जांच की तो उसमें 8 गाये मुंह बांधकर पटकी हुई थी। पुलिस ने गायों को गोशाला के सुपुर्द कर गाड़ी जब्त कर गोतस्करों की तलाश शुरू कर दी है।
मुंडावर. मुंडावरथाना पुलिस क्यूआरटी ने गुरुवार तड़के अवैध खनन शराब के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई की और अलग-अलग मामलों में 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी धर्मसिंह मीणा ने बताया कि तिनकीरूड़ी की कंजर बस्ती मे अवैध शराब निकालने बिक्री करने की सूचना पर क्यूआरटी के साथ दबिश की कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान तारू, बोबड़, माड़ा, विक्री, टिंकू राजू को गिरफ्तार किया। जिनके कब्जे से 100 लीटर हथकढ़ शराब अंग्रेजी शराब की एक पेटी, एक संदिग्ध बाइक जब्त की। मौके पर शराब बनाने वाली दो भट्टियां एवं 500 लीटर वाश नष्ट की। कार्रवाई के दौरान शांति भंग के आरोप में कौशल्या मंगलेश को भी गिरफ्तार किया गया। वही अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई में अवैध खनन कर पत्थर भरकर ले जा रहे कृष्ण कुमार गुर्जर को अवैध खनन से भरे ट्रैक्टर सहित गिरफ्तार किया है एवं दूसरे ट्रैक्टर का चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया।
मुंडावर. पुलिस की गिरफ्त में हथकढ़ शराब के आरोपी।