पंच-सरपंच पद की लॉटरी प्रक्रिया 14 से
करौली| पंचायतीराजचुनाव की लॉटरी प्रक्रिया जिले में 14 दिसंबर से शुरू होगी, जबकि जिला परिषद पंचायत समिति वार्ड सदस्य और प्रधान पद की लॉटरी 17 दिसंबर को निकाली जाएगी। कलेक्टर डॉ.बी.एल.जाटावत ने 14 से 16 दिसंबर तक सरपंच वार्ड पंच पद के लिए श्रेणीवार आरक्षण और लॉटरी निकालने का कार्यक्रम निर्धारित किया है। कलेक्टर जाटावत ने बताया कि 14 दिसंबर को उपखंड मंडरायल, सपोटरा नादौती, 15 को हिंडौन टोडाभीम तथा 16 दिसंबर को करौली में सरपंच-पंच पद के लिए लॉटरी संबंधित उपखंड मजिस्ट्रेट द्वारा निकाली जाएगी।
उन्होंने सभी उपखंड अधिकारियों को पंचायतीराज निर्वाचन नियम 1994 के नियम 7 के तहत कार्रवाई करने संबंधित विधायकों को सूचना देने के निर्देश दिए हैं। ब्लॉक सपोटरा, नादौती, टोडाभीम करौली में सुबह 10 बजे तथा मंडरायल हिंडौन में दोपहर 2 बजे लॉटरी निकाली जाएगी। नादौती की लॉटरी आईटी सेंटर जिला परिषद में तथा अन्य सभी की कलेक्ट्रेट के आईटी सेंटर में निकलेगी। जिले की पंचायत समितियों के वार्डों, जिला परिषद के वार्डों एवं पंचायत समितियों के प्रधान पद के लिए श्रेणीवार आरक्षण एवं लॉटरी प्रक्रिया कलेक्टर जाटावत 17 दिसंबर को सुबह 11 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में निकालेंगे। प्रधान पद सहित पंचायत समिति जिला परिषद वार्डों की आरक्षण लॉटरी प्रक्रिया के लिए एडीएम अतर सिंह मेवला व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेंगे।