करौली। पंचायत समिति प्रधान के लिए शनिवार को हुए मतदान में कांग्रेस के मुकेश मीना निर्दलीय प्रत्याशी कल्पना मीना के बीच कांटे की टक्कर रही। क्षेत्र से चुनकर आए 23 सदस्यों में 12 सदस्यों ने कांग्रेस के पक्ष में तथा 11 ने निर्दलीय प्रत्याशी के पक्ष में मतदान किया। मतगणना के बाद निर्वाचन अधिकारी जगदीश प्रसाद आर्य ने कांग्रेस प्रत्याशी को एक मत से विजयी घोषित किया।
पंचायत समिति प्रधान के लिए तीन नामांकन पत्र भरे गए थे। मुकेश मीणा ने कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में एक नामांकन पत्र तथा कल्पना मीणा ने कांग्रेस निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में दो नामांकन पत्र दाखिल कराए। जांच के बाद कल्पना मीना का एक नामांकन पत्र खारिज किए जाने के बाद कांग्रेस निर्दलीय प्रत्याशियों के बीच मुकाबला हुआ। सवा 4 बजे तक सभी 23 पंचायत समिति सदस्यों के द्वारा मतदान किए जाने के उपरांत मतगणना शुरू हुई जिसमें कांग्रेस के मुकेश मीणा ने निर्दलीय प्रत्याशी कल्पना को 1 वोट से पराजित किया। निर्वाचन अधिकारी जगदीश आर्य ने कांग्रेस प्रत्याशी को निर्वाचित घोषित किया।
पहचान कर कार्रवाई करेंगे
क्षेत्रके 23 पंचायत समिति वार्डो से कांग्रेस के 13 सदस्य चुन कर आने के उपरांत भी कांग्रेस को 12 मत मिले है, जिससे यह साफ हो गया है कि कांग्रेस किसी एक सदस्यों के पार्टी के विरूद्ध जाकर निर्दलीय प्रत्याशी के पक्ष में मतदान किया है। भाजपा की ओर से कोई भी नामांकन पत्र दाखिल नही किया गया, जिससे पार्टी से चुनकर आए तीनों सदस्यों ने अपनी मनमर्जी से मतदान किया। कांग्रेस पर्यवेक्षक कमल चौधरी ने बताया कि कांग्रेस से चुनकर आए कई सदस्यों ने पार्टी प्रत्याशी के विरूद्ध मतदान किया है, जिसके बारे में जिला अध्यक्ष को बता कर ऐसे सदस्यों को पार्टी से बाहर किए जाने की कार्यवाही की जाएगी।
सुरक्षा के रहे कडे प्रबंध
पंचायत समिति प्रधान के चुनाव को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए थे और पंचायत समिति कार्यालय से 5 सौ मीटर के अंदर चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मी तैनात रहे। इस सुरक्षा बेडे में 12 से अधिक महिला सुरक्षाकर्मियों को भी तैनात किया गया था। पुलिस उपाधीक्षक फाऊलाल थानाधिकारी राजेन्द्रसिंह की हर गतिविधि पर नजर थी।