- Hindi News
- कस्बे में बनेंगी 50 लाख की लागत से सड़कें
कस्बे में बनेंगी 50 लाख की लागत से सड़कें
उपखंडमुख्यालय स्थित नगरपालिका सभागार में सोमवार को पालिका मंडल की बैठक अध्यक्ष ब्रह्मादेवी की अध्यक्षता में हुई जिसमें विभिन्न योजनाओं के एक्शन प्लान पर चर्चा करते हुए शहर के कई वार्डों में पचास लाख रुपए की लागत से बनने वाली सड़कों का प्रस्ताव लिया गया। बैठक के दौरान शहर को स्वच्छ रखने के उद्देश्य से सड़क पर कचरा फैलाने वालों के विरुद्ध आर्थिक दंड का भी निर्णय लिया गया। बैठक में जलदाय विभाग द्वारा पाइप लाइन डालने के नाम पर सड़कों को क्षतिग्रस्त किए जाने पर कई पार्षदों ने हंगामा किया जिस पर विभाग को नोटिस देकर जवाब मांगने का निर्णय लिया गया।
दोपहर 12 बजे शुरू हुई पालिका मंडल की बैठक में उपाध्यक्ष मोहम्मद इशहाक, पार्षद जयप्रकाश अवस्थी, राजेन्द्र जोशी, बुंदू खां ने वार्ड 3 में जलदाय विभाग द्वारा कई वर्ष पूर्व बनाई गई टंकी से शहर में पेयजल आपूर्ति शुरू नहीं होने और जलदाय विभाग द्वारा पाइप लाइन बिछाने के नाम पर सड़कों कोे क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला उठाया जिसका कई सदस्यों ने समर्थन करते हुए हंगामा किया। बैठक में इस मुद्दे को लेकर इस संबंध में जलदाय विभाग के अधिकारियों को नोटिस देकर जवाब मांगने की बात पर सदस्य शांत हुए।
कार्यवाहक अधिशासी अधिकारी जगदीश प्रसाद ने बताया कि इस बैठक में वार्ड नं. 1, 2, 3, 4, 5, 6, 7, 13, 14, 15, 16, 17 में सड़क निर्माण के लिए 50 लाख रुपए का प्रस्ताव लिया गया। बैठक में शहर से अतिक्रमण हटाए जाने के लिए अभियान शुरू करने, राजस्थान स्वच्छता अभियान के तहत तीन टीमों का गठन कर शहर में सफाई अभियान शुरू करने, लोगों में जागरूकता पैदा करने के उद्देश्य से वार्ड सभाएं आयोजित किए जाने का निर्णय लिया गया।
टोडाभीम. अभियानके तहत नपा अध्यक्ष ब्रह्मादेवी, उपाध्यक्ष मोहम्मद ईशहाक तहसीलदार जगदीश प्रसाद गेंदघर में सफाई करते हुए।