बालघाट कृषि केन्द्र तबेले में तब्दील
उपखंडकी ग्राम पंचायत बालघाट में कृषि सेवा केंद्र पर कार्यरत कर्मचारियों की अनदेखी के चलते इस भवन लोगों ने कब्जा जमा लिया है। इसके परिसर में अतिक्रमी अपनी भैंसों का बांधने के काम में ले रहे हैं। वहीं इस भवन की दीवारों को कंड़े थापने के उपयोग में लिया जा रहा है। इस केंद्र परिसर में ही बने सहायक कृषि अधिकारी के आवास के सामने ही कंड़ों का बिटोड़ा बना दिया गया है, लेकिन इस पर अभी तक कृषि अधिकारियों का ध्यान आकर्षित नहीं हो पाया है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार बदलेटा मार्ग पर बने कृषि सेवा केन्द्र पर कार्यरत कर्मचारी कम पहुंचते हैं, जिससे इस भवन की ओर उनका ध्यान नहीं है। कर्मचारियों की अनदेखी के चलते इस भवन पर लोगों ने अवैध कब्जा जमा लिया है। कृषि सेवा केन्द्र के परिसर को अतिक्रमियों ने भैंसों का तबेला बना दिया है। वहीं इसकी दीवारों को कंडे थापने के काम में लिया जा रहा है। मजे ही बात तो यह है इस परिसर के अंदर ही बने सहायक कृषि अधिकारी के आवास के सामने अतिक्रमियों द्वारा कंडे रखने के लिए बिटोड़ा स्थापित कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि इस भवन पर कई वर्षों से अतिक्रमण है, लेकिन इसे हटवाने संबंध में कोई भी प्रयास नहीं किए, जिससे इसके परिसर में अपना कब्जा दिखाने के लिए लोगों ने लकडि़यां पूले रखकर अतिक्रमण कर रखा है। कृषि पर्यवेक्षक सुधीर मीणा ने बताया कि उन्होंने कुछ दिन पूर्व ही कार्यभार संभाला है। भवन जर्जर होने इस पर अतिक्रमण होने के कारण उसे आईटी केन्द्र पर बैठना पड़ता है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उन्होंने चार माह पूर्व उच्च अधिकारियों को भी लिखा है।
कृषि उपनिदेशक त्रिलोककुमार जोशी ने बताया कि बालघाट में किसान सेवा केंद्र कम नोजेज सेंटर के निर्माण की स्वीकृति मिली है, लेकिन पुराने कृषि सेवा केन्द्र के भवन पर अतिक्रमण है इसकी कोई सूचना नहीं है। कृषि विभाग के भवन पर अतिक्रमण है तो उसे हटवाया जाएगा।
टोडाभीम. कृषिसेवा केंद्र परिसर में जो सेवा केंद्र कम और भैंसों का तबेला ज्यादा दिखाई देता है।