िकराए की जीप लूटकर भागे, दो पकड़े गए
मेहंदीपुरबालाजी से रविवार दोपहर महवा के लिए जीप को बुक कराने के नाम पर तीन बदमाश चोरी कर ले गए। इन बदमाशों ने रास्ते में चालक के साथ मारपीट की और जीप मालिकों को 10 हजार रुपए लाने के लिए फोन कराया। तीनों बदमाश जीप को सलेमपुर थाना क्षेत्र के गांव अमरपुर ले गए जहां से इन्होंने बंदूक ली। इसी दौरान चालक वहां गाड़ी से कूद खेतों में खड़ी बाजरे की फसल में िछप गया। सूचना पर पुलिस ने बदमाशों की नाकाबंदी की और महवा थाना क्षेत्र के नया गांव मोड़ पर पुलिस की नाकाबंदी को देख बदमाश भागने लगे, लेकिन पुलिसकर्मियों ने पीछा कर दो बदमाशों को पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार मेहंदीपुर बालाजी में बाइपास पर जीप के चालक प्रकाश शर्मा के पास तीन लोग आए और उससे महवा थाना जाने के लिए 700 रुपए में गाड़ी बुक की। जीप में सवार तीनों युवकों ने भनकपुरा तक चालक से कुछ भी नहीं कहा लेकिन भनकपुरा निकलते ही इन तीनों ने चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी और उससे जीप के मालिक को 10 हजार रुपए लाने के लिए फोन कराया। ये तीनों बदमाश गाडी़ को लेकर सलेमपुर थाना क्षेत्र के गांव अमरपुर पहुंचे और वहां से बंदूक ली। इस दौरान चालक को भागने का मौका मिल गया और वह गाडी़ को छोड़कर बाजरे के खेतों में जाकर छिप गया। गाड़ी मालिकों को जब गाड़ी चोरी होने की सूचना मिली तो उन्होेंने पुलिस को अवगत कराया। इस पर पुलिस ने नाकाबंदी कर दी। महवा पुलिस द्वारा नया गांव मोड़ पर की गई नाकाबंदी के दौरान बालाजी से चुराई गई जीप आती हुई दिखाई दी। जीप में सवार बदमाश पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर दो बदमाशों को पकड़ लिया। पूछताछ करने पर एक ने अपना नाम राजू जोगी तथा दूसरे ने कमलेश जोगी निवासी भैंसीना थाना टोडाभीम होना बताया।
पुलिस ने राजू के पास से 12 बोर की बंदूक तथा कमलेश के पास से बेल्ट में लगे तीन खाली एक जिंदा कारतूस जब्त किया है। जीप चालक प्रकाश शर्मा निवासी बीजलवाड़ा ने मामला दर्ज कराया है जिसमें बालाजी बाइपास से तीन बदमाशों के द्वारा उससे महवा थाने चलने के लिए 700 में जीप बुक करने तथा रास्ते में मारपीट कर जीप चुरा ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
महवा. पुलिसगिरफ्त में बदमाश।