बोलेरो चोरी के दो आरोपियों को पकड़ा
टोडाभीम| पुलिसद्वारा एक सप्ताह पूर्व बालाजी घाटी के नीचे चोरी की बोलेरो जीप को बेचने की फिराक में खड़े लोगों को घेराबंदी कर पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस को इस चोरी की गाड़ी के साथ एक युवक हाथ लगा।
गाड़ी में सवार चार युवक खेतों में खडी़ बाजरे की फसल का फायदा उठाते हुए भागने में सफल रहे थे, जिनमें से पुलिस ने दो जनों को रविवार शाम मंडेरू मोड़ से गिरफ्तार किया है।
थानाधिकारी राजेन्द्रसिंह निर्वाण ने बताया कि पुलिस को शाम मुखबिर से सूचना मिली की चोरी की बोलेरो से भागने वाले दो आरोपी मंडेरू मोड़ पर खडे है जो वहां से निकलने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने एसआई रतनलाल के नेतृत्व में पुलिस टीम मंडेरू मोड़ के लिए रवाना कर दी। पुलिस ने टीम ने चौराहे पर खडे़ दो युवकों को पकड़ कर पूछताछ की तो एक ने अपना नाम केवलराम स्वामी तथा दूसरे ने राजेश सैनी बताया।
पुलिस ने इन दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। थानाधिकारी ने बताया कि जीप चोरी के मामले में गिरफ्तार किए इन दोनों युवकों को पुलिस ने सोमवार को न्यायालय में पेश किया जहां से इन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया है।