सरकार की वर्षगांठ पर गुर्जर जताएंगे शोक
हिंडौन सिटी | आरक्षणके मुद्दे पर कर्नल किरोड़ी सिंह बैसला ने उग्र रूप दिखाते हुए 13 दिसंबर को सुबह 10 बजे प्रदेशभर के गुर्जरों को दौसा जिले के पाटोली और पीपलखेड़ा गांव के बीच शहीद स्थल पर बुलाया है। बैसला ने कहा है कि इस दिन सरकार एक वर्ष पूरा होने पर जयपुर में जश्न मना रही है। वहीं इस दिन गुर्जर समाज के लोग सरकार का एक वर्ष पूरा होने पर शोक मनाएंगे। गुर्जरों से हाथों पर काली पट्टी बांधकर आने के लिए कहा गया है।
गुर्जर आरक्षण आंदोलन के मुखिया कर्नल किरोड़ी सिंह बैसला ने बताया कि गांव कटारा अजीज के महापड़ाव को सरकार के आश्वासन पर स्थगित किया था, लेकिन सरकार ने एक बार फिर छलावा किया है। आश्वासन के मुताबिक गुर्जरों की किसी भी मांग को पूरा नहीं किया है। इससे गुर्जर समाज के लोगों में राज्य की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे एवं भाजपा सरकार के प्रति नाराजगी है। गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष कैप्टन हरप्रसाद तंवर ने भी स्पष्ट किया है कि मौजूदा भाजपा सरकार के रवैए से गुर्जर समाज के लोगों में भारी रोष है। गुर्जरों से अधिकाधिक संख्या में आने के लिए कहा गया है।
टोडाभीम| नेशनलहाइवे 11 पर पाटोली के पास गोपाल होटल में दोपहर 1 बजे बैसला ने बैठक कर समाज के लोगों से 13 दिसंबर को शोक में शामिल होने की बात कही। बैठक में पाटोली, करणपुर, पीपलखेड़ा सहित क्षेत्र के दर्जनों गांवों के सैकड़ों पंच-पटेल मौजूद थे।