1100 मेधावी बेटियों का आज सम्मान
बालिकाशिक्षा फाउण्डेशन जयपुर के तत्वावधान में शिक्षा विभाग द्वारा बसंत पंचमी के अवसर पर शुक्रवार को जिले के 6 ब्लॉक मुख्यालयों पर आयोजित कार्यक्रमों में जिले की 1100 मेधावी बेटियों को सम्मानित किया जाएगा। जिसमें 680 बालिकाओं को गार्गी पुरुस्कार 420 बालिकाओं को बालिका प्रोत्साहन पुरस्कार से सामूहिक कार्यक्रमों में पुरस्कार राशि प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
माध्यमिक शिक्षा के अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी (शैक्षिक) सर्वेश कुमार गुप्ता ने बताया कि पूर्व में जहां जिला स्तर पर गार्गी पुरस्कार वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाता था लेकिन उसमें बालिकाओं की सहभागिता कम नजर आती थी। बालिका उनके अभिभावकों की समस्याओं को देखते हुए अब गार्गी पुरस्कार वितरण कार्यक्रम जिले के प्रत्येक ब्लॉकों में आयोजित किया जा रहा है। जिले में गार्गी बालिका प्रोत्साहन पुरस्कार से 1100 बेटियों को सम्मानित किया जाएगा।
गुप्ता ने बताया कि करौली ब्लॉक का गार्गी पुरस्कार वितरण समारोह जिला मुख्यालय के हिण्डौन गेट स्थित शिवा एकेडमी उच्च माध्यमिक विद्यालय पर आयोजित किया जाएगा। इसी प्रकार हिंडौन ब्लॉक का निर्मल महाविद्यालय बयाना रोड हिंडौन सिटी, टोडाभीम ब्लॉक का राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय टोडाभीम, सपोटरा ब्लॉक का राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सपोटरा, नदौती ब्लॉक का राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नादौती तथा मंडरायल ब्लॉक का राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय मंडरायल में आयोजित होगा।
उन्होंने बताया कि गार्गी पुरस्कार की प्रथम किस्त उन छात्राओं को दी जाएगी जिन्होंने वर्ष 2014-15 में कक्षा 10वीं राजस्थान बोर्ड की परीक्षा 75 प्रतिशित एवं इससे अधिक अंकों से उत्तीर्ण की हो और वह वर्तमान में किसी भी विद्यालय में कक्षा 11वीं में नियमित रूप से अध्ययनरत हो। द्वितीय किस्त के लिए वर्ष 2013-14 में 10वीं 75 प्रतिशत के साथ उत्तीर्ण की हो और वर्तमान में किसी विद्यालय में 12वीं कक्षा में नियमित रूप से अध्ययनरत हो। इस प्रकार की जिले में चिंहित 680 बालिकाओं को 3-3 हजार रुपए के चैक प्रमाण पत्र दिए जाएंगे। इसी प्रकार बालिका प्रोत्साहन पुरस्कार के लिए वर्ष 2014-15 में कक्षा 12वीं राजस्थान बोर्ड परीक्षा 75 प्रतिशत से अधिक अंकों से उत्तीर्ण की हो। ऐसी चिंहित 420 छात्राओं को पांच-पांच हजार रुपए के चैक प्रमाण पत्र दिए जाएंगे। लाभांवित छात्राएं उक्त चैक को अपने नाम से किसी भी बैंक शाखा के खाते में जमा करा सकती हैं।