- Hindi News
- धर्मशाला में बिना अनुमति के लगाया शिविर, मालिक ने सामान फेंका
धर्मशाला में बिना अनुमति के लगाया शिविर, मालिक ने सामान फेंका
क्षेत्रके लोगों की समस्या निस्तारण के लिए पालिका ने मोदी धर्मशाला में मालिक की बिना अनुमति के कैम्प लगा दिया। इस पर गुस्साए धर्मशाला मालिक ने वहां से माइक आदि फेंक कर विरोध किया। मौके पर सहमे हुए पालिका कर्मियों को अपने सामानों को समेटना पड़ा तथा पास ही स्थित भौपत बावड़ी प्रांगण पर ले जाकर शिविर लगाना पड़ा। इसका क्षेत्रीय विधायक कन्हैयालाल चौधरी ने बाद में दीप प्रज्वलित कर विधिवत शुभारंभ किया।
कस्बे के वार्ड नंबर 1, 2, 4, 5 के लिए सोमवार को पालिका प्रशासन ने बिना धर्मशाला मालिक की स्वीकृति के मोदी धर्मशाला में कैम्प लगा लिया। इसकी खबर जैसे ही धर्मशाला मालिक को मिली तो उसका गुस्सा सातवें आसमान पर जा पहुंचा। वह धर्मशाला पहुंच गया और वहां पालिका कर्मचारियों को बिना उनसे पूछे कैम्प लगाने के लिए भला-बुरा कहना शुरू कर दिया और देखते ही देखते वहां रखे माइक सहित अन्य सामानों को फेंकना शुरू कर दिया। इस पर पालिकाकर्मियों ने एक-एक कर कुर्सियां टेबलें आदि सामान समेटना शुरू कर दिया। गनीमत रही उस समय शिविर का शुभारंभ करने रहे विधायक कन्हैयालाल चौधरी नहीं पहुंचे थे। तत्काल पालिका कर्मियों ने मोदी धर्मशाला के पीछे स्थित भौपत बावड़ी प्रांगण में शिविर लगाया।